मुंबई। Kamal Haasan Supprots Vijay’s TVK: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय ने अपनी सियासी पार्टी बनाकर विधान सभा का चुनाव लड़ा और पहली ही बार में 108 सीटें हासिल करके राज्य में सबसे बड़े दल के रूप में उभरे। हालांकि, इतनी सीटें पाने के बाद भी विजय सरकार बनाने से कुछ कदम पीछे रह गये।
तमिलनाडु विधान सभा में कुल 234 सीटें हैं। बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिए यानी विजय की टीवीके को सत्ता में आने के लिए 10 सीटों की कमी है। विजय अन्य पार्टियों से समर्थन के लिए बातचीत कर रहे हैं। इस बीच राज्यपाल द्वारा उनकी पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित ना करने का मुद्दा गरमा गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, राज भवन ने साफ कह दिया है कि 118 विधायकों के दस्तखत मिलने के बाद ही सरकार बनाने के बुलाया जाएगा। विजय 112 विधायकों का समर्थन लेकर अपनी दावेदारी ठोकने राज भवन गये थे।
लोगों के फैसले का अपमान- कमल हासन
अब वेटरन तमिल अभिनेता कमल हासन ने विजय का समर्थन किया है और राज भवन द्वारा उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित ना करने के फैसले की आलोचना की है। कमल ने इसे प्रजातंत्र के लिए क्षति और राज्य का अपमान करार दिया है।
कमल ने गुरुवार को एक्स पर तमिल भाषा में लम्बा नोट लिखा, जिसके अनुसार उन्होंने कहा- तमिलनाडु विधान सभा चुनाव में, जनता ने किसी एक दल को सरकार बनाने की शक्ति नहीं दी। तमिलनाडु के इतिहास में यह नतीजा अविश्वसनीय है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु चुनाव में Vijay की शानदार जीत से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में जश्न का माहौल, रजनीकांत और कमल हासन ने दी बधाई

मेरे भाई एमके स्टालिन ने घोषणा की है कि हम जनता के फैसले का सम्मान करेंगे और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। मैं उनकी राजनीतिक सोच का आदर करता हूं। जो लोग इस समय संवैधानिक पदों पर बैठे हैं, उन्हें अपना फर्ज निभाना चाहिए।
यह कोई मांग नहीं है, बल्कि उनके संवैधानिक कर्त्तव्यों की याद दिलाना है। विजय की पार्टी तमिलगा वेट्टरी कजगम ने 108 सीटें जीती हैं। उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित ना करने तमिलनाडु के लोगों के मत का अपमान है। 233 चुने हुए सदस्य शपथ नहीं ले पा रहे। यह राज्य का अपमान है और प्रजातंत्र की क्षति है।
बहुमत राज भवन में नहीं, सदन में साबित हो
एसआर बोम्मई केस में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कहा है- बहुमत सदन में साबित करना चाहिए, राज भवन में नहीं। मैं जो कह रहा हूं, वो पार्टी पॉलिटिक्स नहीं है। यह एक आम भारतीय की नीतिगत आवाज है। तमिलनाडु के लोगों के फैसले का सम्मान होना ही चाहिए।
बता दें, कमल हासन खुद एक राजनीतिक दल मक्कल नीधि मइयम (MNM) के अध्यक्ष हैं और तमिलनाडु से राज्य से राज्य सभा सांसद हैं। कमल डीएमके गठबंधन की मदद से राज्य सभा पहुंचे थे। उन्होंने 2021 का विधान सभा चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गये थे। 2026 के विधान सभा चुनाव में उनकी पार्टी चुनाव मैदान में नहीं उतरी।

