Jaate Hue Lamhon Song: नेवल अफसरों की मौजूदगी में लॉन्च हुआ Border 2 का गाना, बेटे अहान को सपोर्ट करने पहुंचे सुनील शेट्टी

Border 2 song Jaate Hue Lamhon released. Photo- X

मुंबई। Jaate Hue Lamhon Song: राजस्थान के जैसलमेर स्थित तनोट में ‘घर कब आओगे’ की भव्य लॉन्चिंग के बाद बॉर्डर 2 का अगला गीत जाते हुए लम्हों सोमवार को मुंबई में नौ सेना अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में रिलीज किया गया।

जावेद अख्तर लिखित और अनु मलिक के संगीत से सजे इस गीत के नये वर्जन को मिथुन ने धुनों में पिरोया है। हालांकि, इस गीत के बोलों में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया। विशाल मिश्रा और रूप कुमार राठौड़ ने गीत को आवाज दी है।

यूनाइटेड सर्विसेज क्लब में हुआ लॉन्च

12 जनवरी की शाम मुंबई के यूनाइटेड सर्विसेज क्लब में आयोजित एक भव्य समारोह में इस गीत का अनावरण किया गया। नौसेना अधिकारियों के साथ इस खास मौके पर सुनील शेट्टी ने अहान शेट्टी और अन्या सिंह के साथ सरप्राइज एंट्री दी।

नेवल ऑफिसर्स द्वारा बैंड परफॉर्मेंस के साथ रूप कुमार राठौड़ और विशाल मिश्रा की लाइव परफॉर्मेंस ने शाम को और भी यादगार बना दिया। 1997 में आई बॉर्डर के ओरिजिनल गीत जाते हुए लम्हों को रूप कुमार राठौड़ ने आवाज दी थी। यह गाना सुनील शेट्टी और श्रावणी मुखर्जी पर फिल्माया गया था।

यह भी पढ़ें: Border 2: ‘बहुत अच्छा किया बेटा…,’ दिवंगत वॉर हीरो मेजर होशियार सिंह दहिया की पत्नी को पसंद आया वरुण धवन का अभिनय, दिया आशीर्वाद

जाते हुए लम्हों के लॉन्च समारोह में नौ सेना अधिकारियों के साथ विशाल मिश्रा, रूप कुमार राठौड़, भूषण कुमार, निधि दत्त, अन्या सिंह, अहान शेट्टी और सुनील शेट्टी। फोटो- फिल्म टीम

23 जनवरी को रिलीज होगी फिल्म

‘बॉर्डर 2’ गुलशन कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत, जेपी दत्ता की जेपी फिल्म्स के सहयोग से बनी है। इस फिल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। ‘बॉर्डर 2’, 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।

फिल्म की कहानी 1971 के भारत-पाक युद्ध की घटनाओं से ली गई है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी के साथ मेधा राणा, अन्या सिंह, सोनम बाजवा और मोना सिंह प्रमुख किरदारों में हैं।