मुंबई। Spider-Man Brand New Day Box Office: 30 जुलाई को भारत में रिलीज हुई स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे ने तहलका मचा दिया है। तमाम उम्मीदों और कयासों को पीछे छोड़ते हुए फिल्म ने पहले दो दिनों में रिकॉर्ड कमाई की है।
भारत में किसी हॉलीवुड फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग के साथ फिल्म ने सिर्फ दो दिनों में 100 करोड़ का अहम पड़ाव पार कर लिया है। यहां से फिल्म की डबल सेंचुरी तय मानी जा रही है।
साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
मारवल सिनेमैटिक यूनिवर्स की 38वीं फिल्म भारत में अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु भाषाओं में गुरुवार को रिलीज हुई और आते ही धमाल मचा दिया। फिल्म ने सभी भाषाओं में 61 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली।
बताते चलें कि हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 के बाद यह सबसे बड़ी ओपनिंग है। धुरंधर 2 ने 90 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग ली थी।
हालांकि, भारत में रिलीज होने वाली हॉलीवुड फिल्मों में यह सबसे बड़ी ओपनिंग है। स्पाइडर-मैन ब्रैंड न्यू डे ने 2019 में आई एवेंजर्स एंडगेम को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 53 करोड़ की ओपनिंग ली थी।
यह भी पढ़ें: Dhamaal 4 VS The Odyssey: दूसरे सोमवार को धड़ाम हुई ‘धमाल 4’, मंडे टेस्ट में पास हुई हॉलीवुड फिल्म ‘द ओडिसी’
दो दिनों में 100 करोड़ कमाने वाली दूसरी फिल्म
रिलीज के दूसरे दिन शुक्रवार को भी फिल्म का जलवा जारी रहा और 48.35 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। इसे मिलाकर फिल्म का दो दिनों का नेट कलेक्शन 109.35 करोड़ हो गया। एवेंजर्स एंडगेम के बाद ब्रैंड न्यू डे, भारत में हॉलीवुड की दूसरी फिल्म है, जिसने दो दिनों में शतक ठोका हो। हालांकि, ब्रैंड न्यू डे की दो दिनों की कमाई एवेंजर्स एंडगेम से अधिक है।
इसकी कमाई में सबसे बड़ा योगदान अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं का रहा है। भारत में यह फिल्म 2 डी और 3 डी के साथ सभी प्रीमियम फॉरमेट्स में रिलीज की गई है। फिल्म ने 134 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन दो दिनों में किया है।

अगर, मारवल की स्पाइडर मैन फिल्मों की बात करें तो 2021 में आई नो वे होम ने 32.67 करोड़ की ओपनिंग ली थी, यानी इस बार फिल्म का ओपनिंग कलेक्शन लगभग दोगुना हो गया है। मारवल की फिल्मों का भारत में जबरदस्त क्रेज रहा है, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर भी नजर आता है।

