मुंबई। Border 2 Box Office Day 5: सनी देओल स्टारर बॉर्डर 2 का बॉक्स ऑफिस पर विजयी सफर जारी है। फिल्म ने मंगलवार को 200 करोड़ का पड़ाव पार करके अब 300 करोड़ की मंजिल का सफर शुरू कर दिया है। बॉर्डर 2 इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल थी और उम्मीदों के अनुरूप बॉक्स ऑफिस पर दौड़ रही है।
मंगलवार को 23 करोड़ की कमाई
सोमवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी में रिकॉर्ड कमाई करने के बाद फिल्म के कलेक्शंस मंगलवार को गिरे, मगर 20 करोड़ से ऊपर रहने के कारण मजबूत स्थिति में है। मंगलवार को फिल्म ने 23.31 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पांच दिनों का नेट कलेक्शन 216.79 करोड़ हो गया है।

बॉर्डर 2 की पांच दिनों में चाल:
WEEK 1
- Day 1 (शुक्रवार): ₹32.10 करोड़
- Day 2 (शनिवार): ₹ 40.59 करोड़
- Day 3 (रविवार): ₹57.20 करोड़
ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन: ₹129.89 करोड़
- Day 4 (सोमवार): ₹63.59 करोड़ (गणतंत्र दिवस)
- Day 5 (मंगलवार): ₹23.31 करोड़
पांच दिनों का नेट कलेक्शन: ₹216.79 करोड़
बॉर्डर 2 VS धुरंधर
रिलीज के बाद पहली बार बॉर्डर 2 की रफ्तार धुरंधर के मुकाबले घटी है। बता दें, आदित्य धर निर्देशित स्पाइ एक्शन फिल्म ने रिलीज के पहले मंगलवार को 28.60 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जबकि बॉर्डर 2 ने 23.31 करोड़ किया है।
हालांकि, शुरुआती रफ्तार के कारण पांच दिनों के कलेक्शंस में बॉर्डर 2 अभी भी धुरंधर से आगे है। रणवीर सिंह की फिल्म का पांच दिनों का नेट कलेक्शन 159.40 रहा था। धुरंधर का हाइएस्ट सिंगल डे 14 दिसम्बर था, जब फिल्म ने 58.20 करोड़ जमा किये थे, जबकि बॉर्डर का हाइएस्ट सिंगल डे 26 जनवरी है, जब फिल्म ने 63.59 करोड़ बटोरे।
आज पीछे छूटेगी चेन्नई एक्सप्रेस
बॉर्डर 2 इस साल की पहली फिल्म बन गई है, जिसने 200 करोड़ क्लब में एंट्री ली है। हिंदी में कम से कम 200 करोड़ कमाने वाली बॉर्डर 2 अब 38वीं फिल्म बन गई है। बॉर्डर 2 की यही गति जारी रही तो आज सनी देओल की फिल्म कांतारा चैप्टर 1 और शाह रुख खान की चेन्नई एक्सप्रेस के लाइफ टाइम कलेक्शंस को पीछे छोड़ देगी।
बॉर्डर 2 का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है, जबकि निर्माता निधि दत्ता और भूषण कुमार हैं। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

