वेटरन प्रोड्यूसर पहलाज निहलानी के निधन से बॉलीवुड में शोक, शत्रुघ्न सिन्हा-सनी देओल हुए भावुक, गोविंदा-फरहान ने दी अंतिम विदाई

Pahlaj Nihalani' death shocks bollywood. Photo- X

मुंबई। Pahlaj Nihalani Death: हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्माता और सीबीएफसी के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का गुरुवार को निधन हो गया। पहलाज के निधन से बॉलीवुड में शोक छा गया है। कई फिल्मकारों और कलाकारों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

पहलाज निहलानी ने सनी देओल के साथ पाप की दुनिया और आग का गोला फिल्मों का निर्माण किया था। सनी ने एक्स पर उनके साथ अपनी पुरानी फोटो साझा करके लिखा- पहलाज जी बहुत अच्छे दोस्त और परिवार की तरह थे। वो एक हीरे की तरह थे, जो हर किसी की मदद के लिए तैयार रहते थे। उनकी गर्मजोशी उनकी ताकत थी। उनकी मुस्कान सदा मेरे साथ रहेगी।

सुनील शेट्टी ने बताया कि किस तरह पहलाज निहलानी ने उनके शुरुआती दौर में मदद की थी- पहलाज जी उन पहले लोगों में से थे, जिन्होंने मुझमें यकीन किया था। मैं इंडस्ट्री में अपने पैर जमा रहा था और वो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे। वो ना सिर्फ अच्छे निर्माता थे, बल्कि ऐसे व्यक्ति थे, जिन पर आप भरोसा कर सकते थे।

निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता ने लिखा- पहलाज जी, आप हमारी इंडस्ट्री के स्थायी लोगों में से एक थे। हमेशा पहुंच के अंदर। हमेशा मौजूद। हमेशा सज्जन। आपके जाने से जो रिक्त स्थान हुआ है, वो कोई नहीं भर सकेगा। आपको शांति मिले।

यह भी पढ़ें: Pahlaj Nihalani Death: गोविंदा और चंकी पांडेय को लॉन्च करने वाले प्रोड्यूसर पहलाज निहलानी का निधन, मुंबई में अंतिम संस्कार आज

कंगना रनौत ने एक्स पर लिखा- पहलाज निहलानी जी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। एक निर्माता, जिसने कई फिल्मों को बैक किया। कई कलाकारों को लॉन्च और सपोर्ट किया। दशकों तक भारतीय सिनेमा के लिए प्रतिबद्ध रहे। फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार को मेरी दिली संवेदनाएं।

रणदीप हुड्डा ने लिखा- पहलाज निहलानी जी के निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रियजनों के लिए मेरी दिली संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।

वेटरन एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा के साथ पहलाज निहलानी ने हथकड़ी, आंधी तूफान, इल्जाम और आग ही आग फिल्में की थीं। शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा- सीबीएफसी के पूर्व चेयरपर्सन, दोस्त, पारिवारिक दोस्त और बेस्ट फिल्ममेकर पहलाज निहलानी के निधन से बेहद दुख हुआ और टूट गया हूं। वो एक अच्छी और सच्चे इंसान थे। फिल्म समुदाय में काफी लोकप्रिय थे। यह एक अपूरणीय क्षति है। उनकी पत्नी कांतु और बच्चों के लिए मैं प्रार्थना कर रहा हूं कि उन्हें शक्ति मिले। शत्रुघ्न ने निहलानी के साथ अपनी कई तस्वीरें भी शेयर कीं।

सांताक्रूज शवदाह गृह में अंतिम संस्कार

गोविंदा के साथ पहलाज निहलानी का एसोसिएशन काफी लम्बा और सफल रहा। गोविंदा ने निहलानी के घर जाकर उनके अंतिम दर्शन किये और श्रद्धांजलि दी। फरहान अख्तर ने निहलानी के आवास पर उनके अंतिम दर्शन किये और परिवार को सांत्वना दी। शत्रुघ्न सिन्हा, पूनम सिन्हा, वरुण धवन, बोनी कपूर, बंटी वालिया, मलायका अरोड़ा, अमृता अरोड़ा समेत कई अन्य सेलिब्रिटीज ने वेटरन निर्माता को अंतिम विदाई दी।