मुंबई। The Kerala Story 2 Controversy: 27 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्म द केरल स्टोरी 2 इस समय चर्चाओं के केंद्र में है। द केरल स्टोरी की सीक्वल कही जा रही इस फिल्म में मेकर्स ने कथित लव जिहाद की घटनाओं को दिखाया है। फिल्म की सोशल मीडिया में जमकर आलोचना हो रही है।
खासकर, ट्रेलर में दिखाये गये दृश्यों को लेकर इसे कठघरे में खड़ा किया जा रहा है। हालांकि, इस बार आलोचनाओं के साथ मीम के जरिए फिल्म के कथानक का मजाक भी उड़ाया जा रहा है। मेकर्स अपनी फिल्म को डिफेंड करने में जुटे हैं। इसी क्रम में निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह ने जाने-माने निर्देशक अनुराग कश्यप को खरी-खोटी सुनाई।
अनुराग पर बरसे फिल्म के निर्देशक
कामाख्या ने एक्स पर अपने वीडियो संदेश में कहा- अनुराग कश्यप जी ने कहा है कि कोई किसी को ऐसे खिचड़ी भी नहीं खिलाता। मैं बिल्कुल मानता हूं। कोई किसी को ऐसे लड्डू भी नहीं खिला सकता। लेकिन हमारे समाज में हमारी मासूम बेटियों को उनका धर्म परिवर्तन करने के लिए बीफ खिलाया जा रहा है। यह क्राइम है।
कामाख्या आगे कहते हैं- प्रॉब्लम यह है, अनुराग कश्यप जी, अब मानसिक रूप से दुर्बल हो गये हैं। उनको हर एक चीज से दिक्कत है। उनको ब्राह्मणों से दिक्कत है। उनको नेटफ्लिक्स से दिक्कत है। उनका फिल्म इंडस्ट्री से दिक्कत है। इस आदमी को हर चीज से दिक्कत है।
इन्होंने एक फिल्म बनाई थी- द गर्ल इन येलो बूट्स। उस फिल्म में इन्होंने कल्पना की है, एक पिता और पुत्री के अनैतिक संबंध को। एक सभ्य समाज में यह सोचने के परे है। समाज ने इस आदमी को सीरियसली लेना छोड़ दिया है।
इनकी सारी फिल्में पिछले कई सालों से फ्लॉप हैं। मैं परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इनको सद्बुद्धि दे। द केरल स्टोरी 2 सत्य घटनाओं पर बनी फिल्म है। समाज में उसका ट्रेलर पसंद किया जा रहा है।
क्या था अनुराग कश्यप का कमेंट?
अनुराग कश्यप ने एक पैपराजी इंटरेक्शन में फिल्म की जमकर मजम्मत की थी। उन्होंने इसे घटिया और प्रोपैगेंडा फिल्म बताया था। ट्रेलर में दिखाये गये एक दृश्य का मजाक उड़ाते हुए उन्होंने कहा था कि ऐसे बीफ कौन खिलाता है। किसी को खिचड़ी भी ऐसे नहीं खिलाई जाती। अनुराग के इसी कमेंट से निर्देशक कामाख्या तिलमिला उठे हैं।
मेकर्स ने दिल्ली में पेश कीं लव जिहाद की पीड़िता
उधर, सोमवार को दिल्ली में फिल्म की टीम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें 55 कथित तौर पर लव जिहाद की शिकार लड़कियों को मीडिया के सामने प्रस्तुत किया गया। मीडिया को भेजे गये स्टेटमेंट के मुताबिक, इवेंट में आने वाली लड़कियां बंगाल, बिहार, भीलवाड़ा, गंगापुर, राजकोट, उदयपुर, जम्मू, महाराष्ट्र, भोपाल, झारखंड, फरीदाबाद, मेरठ, दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव और इंदौर से थीं।
दावा किया गया कि कुल 55 लड़कियों और 33 परिवार वालों ने सामने आकर अपने अनुभव शेयर किए हैं। स्टेज पर 49 पीड़ित और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे, जबकि कई अन्य लोग दर्शकों के बीच बैठे थे।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म की टीम भी शामिल थी, जिसमें प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह, डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह, को-प्रोड्यूसर आशिन ए. शाह के साथ फिल्म की लीड कास्ट उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया नजर आईं।
द केरल स्टोरी 2 को कन्नड़ और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा। तीन हिंदू लड़कियों उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा की कहानी दिखाई गई है। उनकी जिंदगी तब एक खौफनाक मोड़ ले लेती है, जब उन्हें तीन मुस्लिम लड़कों से प्यार हो जाता है और ये रिश्ते धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के एक सोचे-समझे एजेंडे का खुलासा करते हैं।

