Alpha Box Office Day 2: दूसरे दिन ‘ऐल्फा’ ने लगाई छलांग, करण जौहर ने आलिया भट्ट के स्टारडम और हुनर को दिया सारा क्रेडिट!

Alpha box office collection day 2. Photo- X

मुंबई। Alpha Box Office Day 2: दूसरे दिन आलिया-शरवरी की फिल्म ने लगाई छलांग, डबल डिजिट में पहुंची ‘ऐल्फा’ की कमाईयशराज फिल्म्स के स्पाइ यूनिवर्स की फिल्म ऐल्फा ने बॉक्स ऑफिस औसत शुरुआत की है और पहले वीकेंड में सधी हुई चाल से आगे बढ़ रही है। रिलीज के दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शंस में थोड़ा उछाल आया और डबल डिजिट कमाई करने में कामयाब रही।

शिव रवैल निर्देशित ऐल्फा में आलिया भट्ट, शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर ने प्रमुख किरदार निभाये हैं। फिल्म को ज्यादातर समीक्षकों ने नेगेटिव रिव्यूज दिये हैं, वहीं सोशल मीडिया में भी फिल्म को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, तमाम नेगेटिविटी के बावजूद फिल्म फिलहाल डटी हुई है।

दो दिनों में 20 करोड़ का कारोबार

ऐल्फा 3 जुलाई को रिलीज हुई थी और साल के दूसरे हाफ की पहली बड़ी रिलीज है। यशराज फिल्म्स की ओर से जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 9.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। वर्ल्डवाइड फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 17.42 करोड़ रहा। इसमें से 11.42 ग्रॉस कलेक्शन भारत में किया है, बाकी ओवरसीज का कलेक्शन है।

निर्माताओं की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को फिल्म ने 11.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर फिल्म का दो दिनों का नेट कलेक्शन अब 21 करोड़ हो चुका है।

ऐल्फा की मौजूदा रफ्तार को देखकर लगता है कि फिल्म ओपनिंग वीकेंड में 30 करोड़ का पड़ाव आसानी से पार कर लेगी। हालांकि, असली कहानी वर्किंग वीक में सामने आएगी। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर लम्बी रेस के लिए ओपनिंग वीक में डटे रहना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas This July: ‘ऐल्फा’ से ‘स्पाइडर-मैन’ तक, दूसरी छमाही के पहले महीने में इन फिल्मों के साथ चार गुना होगा ‘धमाल’

स्पाइ यूनिवर्स की सबसे कमजोर फिल्म

ऐल्फा, स्पाइ यूनिवर्स की सबसे कमजोर फिल्म बताई जा रही है। बॉक्स ऑफिस के लिहाज से भी यह फिल्म बाकी फिल्मों से कमतर नजर आ रही है। इससे पहले आईं फिल्में एक था टाइगर, टाइगर जिंदा है, टाइगर 3, पठान, वॉर और वॉर 2 ने ओपनिंग वीकेंड में अच्छा प्रदर्शन किया था। वॉर 2 को छोड़कर स्पाइ यूनिवर्स की सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छे प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं।

करण ने किया फिल्म को सपोर्ट

ऐलफा के खिलाफ सोशल मीडिया में नेगेटिविटी ने फिल्म के खिलाफ माहौल बना दिया है। हालांकि, कुछ लोग फिल्म के पक्ष में भी हैं। करण जौहर ने इंस्टाग्राम स्टोरी में आलिया भट्ट के सपोर्ट में पोस्ट लिखी। उन्होंने फिल्म के शुरुआती कलेक्शंस के पीछे आलिया की एक्टिंग को कारण बताया। करण ने लिखा-

जब फुटफॉल्स एक चुनौती बन चुका है, तब ऐल्फा ने ठोस शुरुआत की है। इससे कई बातें पता चलती हैं- दर्शक ऑनलाइन नेगिटिव से कहीं ऊपर हैं और वही सही मायनों में सच्चे योद्धा हैं। आलिया का स्टारडम, थिएटर्स में भीड़ खींचने की काबिलियत, सवालों से परे उनका हुनर और बड़े पर्दे की भव्यता का कोई तोड़ नहीं है।

करण आगे लिखते हैं- यशराज बड़े पर्दे थिएटर्स के केंद्रीय भूमिका में रखने के लिए जो कर रहा है, उसकी तारीफ होनी चाहिए, ना कि उसके खिलाफ विष-वमन। इसलिए, आराम से बैठिए और सिनेमा का जश्न मनाइए। जाइए, ऐल्फा देखिए और विनाशकारी स्क्रोलिंग बंद कीजिए।