मुंबई। Sanjay Leela Bhansali: हिंदी सिनेमा के सबसे काबिल निर्देशकों में शुमार संजय लीला भंसाली को लेकर बुधवार को उड़ी एक खबर ने उनके फैंस को सकते में डाल दिया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 24 फरवरी को 63 साल पूरे कर चुके निर्देशक को हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सोशल मीडिया में यह खबर वायरल हो गई और जब इसकी जानकारी उनके परिवार तक पहुंची तो उन्होंने स्टेटमेंट जारी करके खबरों का खंडन किया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, संजय रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गये थे, भर्ती नहीं हुए।
परिवार ने किया खबरों का खंडन
स्टेटमेंट में कहा गया- संजय लीला भंसाली के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें पूरी तरह झूठी और आधारहीन हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है। हम आपके अनुरोध करते हैं कि ऐसी स्टोरीज से दूर रहें, क्योंकि इनका कोई वैधानिक सूत्र नहीं है।
संजय लीला भंसाली इस वक्त अपनी फिल्म लव एंड वॉर की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें रणबीर कपूर, विक्की कौशल और आलिया भट्ट मुख्य भूमिकाओं में हैं।
यह भी पढ़ें: Salim Khan Health Update: लीलावती के डॉक्टर ने दिया सलीम खान का हेल्थ अपडेट, बताया- क्या हुआ था और कब तक होंगे ठीक?

सोशल मीडिया से एम्प्लीफाई होती है अफवाह
भंसाली को लेकर मीडिया द्वारा दी गई यह खबर उस लिस्ट को लम्बा करती है, जिसमें तमाम सेलिब्रिटीज को लेकर अक्सर ऐसी खबरें बिना पुष्टि के छाप दी जाती हैं। आपको याद होगा कि पिछले साल वेटरन एक्टर धर्मेंद्र के निधन की खबर भी एक बड़े समाचार चैनल ने चला दी थी, जिस पर देओल परिवार और हेमा मालिनी सख्त एतराज जताया था।
धर्मेंद्र की स्थिति उस समय अच्छी नहीं थी, मगर वो जीवित थे। हालांकि, 24 नवम्बर को अभिनेता दुनिया छोड़कर चले गये थे। इससे पहले भी कई अभिनेताओं को लेकर इस तरह खबरें उड़ती रही हैं।
सोशल मीडिया के दौर में ऐसी अपुष्ट सूचनाओं को खबर बनाकर देना और भी चिंताजनक है। किसी एक मीडिया संस्थान द्वारा खबर देते ही सोशल मीडिया में श्रद्धांजलि देने का दौर शुरू हो जाता है। तमाम यूजर्स ऐसे हैं, जिनके पास खबर को पुष्ट करने का कोई साधन नहीं है।
ऐसे एकाउंट्स ट्रेंड में बने रहने के लिए तुरंत आरआइपी लिखना शुरू कर देते हैं और देखते ही देखते एक झूठी खबर सोशल मीडिया में वायरल हो जाती है। इस दौर में जरूरी है कि जो संस्थान जिम्मेदार हैं, कम से कम वो खबर देने की जल्दबाजी दिखाने की बजाय पहले उसकी पुष्टि करें।

