Dacoit Rubaroo Song Out: ‘जूलियट’ की बेवफाई पर रोया ‘डकैत’, अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म का गाना रिलीज

Dacoit romantic song Rubaru out. Photo- X

मुंबई। Dacoit Rubaroo Song Out: अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की पैन इंडिया तेलुगु फिल्म डकैत सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं, बल्कि एक प्रेम कथा भी है। फिल्म की इस भावना को रेखांकित करता हिंदी गाना रूबरू शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। गाने में दोनों मुख्य किरदारों के बीच प्यार की गहराई और बेवफाई को दिखाया गया है।

यह गाना दिखाता है कि डकैत बनने से पहले अदिवी शेष का किरदार एक प्रेमी था, जिसे प्यार में धोखा मिला।

फहीम और चिन्मयी की आवाज

फहीम अब्दुल्ला और चिन्मयी श्रीपदा ने गाने को आवाज दी है, जबकि गाने के बोल रितेश राजवाड़ा ने लिखे हैं। संगीत भीम्स सिसीरोलियो ने दिया है। फहीम अब्दुल्ला वही कश्मीरी सिंगर हैं, जिन्होंने सैयारा का टाइटल ट्रैक गाया था।

गाने में अदिवी और मृणाल के बीच पहले प्यार की मासूमियत को दिखाया गया है। फहीम ने गाने को लेकर कहा- जब मैं रूबरू रिकॉर्ड कर रहा था तो मुझे लगा, मैं किसी की प्यार को लेकर कोमल यादों से गुजर रहा हूं। मेलोडी में एक कोमलता है तो गहराई भी है।

यह भी पढ़ें: Saiyaara Title Song: कश्मीर से फिर जुड़ा बॉलीवुड का नाता, ‘सैयारा’ से बॉलीवुड को मिले दो नये कलाकार

चिन्मयी श्रीपदा ने कहा- मैं रूबरू की गहराई से बहुत प्रभावित हुई। दो भाषाओं में इसे रिकॉर्ड करने का मतलब सिर्फ बोलों का सम्मान करना नहीं, बल्कि हर वर्जन की भावनात्मक लय लेकर आना था। बारीकियों ने इसे खास बना दिया।

अदिवी शेष ने गाने के बारे में कहा- मेरे हिसाब से भावनाओं को कहने का संगीत सबसे शुद्ध तरीकों में से एक है। रूबरू प्यार की उस भावना को पकड़ता है, जो ईमानदारी और कोमल हैं। फहीम और चिन्मयी की आवाज में हिंदी वर्जन को रूह मिल गई है।

मृणाल ने कहा कि मेरा हमेशा मानना रहा है, पहला प्यार निश्चित तौर पर पवित्र होता है और रूबरू उसे पिरोता है। इसमें कोई ड्रामा नहीं है, यह सहजता के साथ भावनाओं को सांस लेने देता है।

10 अप्रैल को रिलीज होगी फिल्म

डकैत से शनील देव निर्देशकीय पारी शुरू कर रहे हैं. सुप्रिया यरलागड्डा ने इसका निर्माण किया है, जबकि सुनील नारंग सह निर्माता हैं। फिल्म में अनुराग कश्यप भी एक अहम किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म तेलुगु और हिंदी में साथ-साथ शूट की गई है। स्क्रीनप्ले अदिवी और शनील ने लिखा है।

डकैत 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हिंदी में इसकी टक्कर अक्षय कुमार की फिल्म भूल बंगला से होगी।