Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Trailer: वरुण धवन-मृणाल ठाकुर-पूजा हेगड़े की फिल्म का कॉमेडी से भरपूर ट्रेलर आउट

Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai trailer out. Photo- X

मुंबई। Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Trailer: नब्बे और नई सदी की शुरुआत में अपनी कॉमेडी फिल्मों के जरिए बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी का इतिहास लिखने वाले डेविड धवन का नाम आखिरी बार बतौर निर्देशक है जवानी तो इश्क होना है फिल्म के क्रेडिट रोल में नजर आएगा। फिल्म के प्रमोशनल इंटरव्यूज में डेविड ने निर्देशन से संन्यास लेने की घोषणा की थी।

पति, पत्नी और वो की कहानी में बच्चे का ट्विस्ट

है जवानी तो इश्क होना है का ट्रेलर 23 मई को रिलीज कर दिया गया, जिसके एक-एक फ्रेम में डेविड के सिनेमा की छाप नजर आती है। वरुण और मृणाल तलाक लेने वाले हैं, क्योंकि वरुण को बच्चा चाहिए, जबकि मृणाल इसके लिए तैयार नहीं हैं।

मृणाल, वरुण से अलग हो जाती हैं। सेपरेशन के दौरान वरुण को पूजा हेगड़े से इश्क हो जाता है। जब इनका प्यार परवान चढ़ता है तो मृणाल की वापसी होती है, जो मां बनने वाली हैं। उधर, पूजा भी गर्भवती हो जाती हैं। अब वरुण की जिंदगी पत्नी और वो के बीच झूलने लगती है। दोनों को एक-दूसरे से छिपाना है। कुछ और किरदार हैं, जो परिस्थितियों को मुश्किल बनाते हैं, जिससे कहानी में ट्विस्ट आता है।

यह भी पढ़ें: Welcome To The Jungle Teaser: फिल्म नहीं करना चाहते थे अक्षय कुमार, मगर पैसे बीच में आ गये… देखिए मजेदार टीजर

डेविड ने यह सब मजाकिया ढंग से दिखाया है, जो उनकी फिल्मों का आधार होता है। ट्रेलर मजेदार है और डेविड की कॉमेडी पसंद करने वालों को अच्छा लगेगा। सहयोगी स्टार कास्ट में मनीष पॉल, राकेश बेदी, चंकी पांडेय, जिम्मी शेरगिल, मौनी रॉय और राजेश कुमार शामिल हैं। फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। है जवानी तो इश्क होना है का निर्माण टिप्स फिल्म्स ने किया है।

बीवी नम्बर वन का रीमेक नहीं फिल्म

है जवानी तो इश्क होना है के ट्रेलर से एक बात तो साफ हो गई कि यह डेविड धवन की अपनी हिट फिल्म बीवी नम्बर वन का रीमेक नहीं है, जैसा कि अंदाजा लगाया जा रहा था। बीवी नम्बर वन जहां पूरी तरह इन्फिडेलिटी पर आधारित थी, वहीं है जवानी तो इश्क होना है को बच्चे की चाहत और हालात के चलते दूसरे अफेयर पर आधारित रखा गया है।

आखिरी बार निर्देशन के लिए डेविड ने अपने बेटे वरुण धवन को हीरो चुना, जिनके साथ डेविड की यह चौथी फिल्म है। 2014 में आई मैं तेरा हीरो के बाद से डेविड बेटे क साथ ही काम कर रहे हैं। जुड़वां 2 और कुली नम्बर भी उन्होंने वरुण को लेकर ही बनाईं।