मुंबई। The Kerala Story 2 Box Office: लम्बी कानूनी लड़ाई के बाद विपुल अमृतलाल शाह की विवादित फिल्म द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। मगर, गुरुवार शाम को केरल हाई कोर्ट की सिंगल बेंच द्वारा फिल्म की रिलीज पर रोक लगा देने के कारण संशय बना रहा था।
शुक्रवार शाम को जब डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के आदेश को पलटते हुए फिल्म पर लगी रोक हटा दी तो मेकर्स ने खुलकर इसके रिलीज होने की घोषणा की। हालांकि, इसके शोज देश के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही चल रहे थे।
दूसरे दिन 5 करोड़ की कमाई का अनुमान
पहले दिन रिलीज को लेकर असमंजस के कारण द केरल स्टोरी 2 ने लगभग 75 लाख रुपये की कमाई की थी, मगर दूसरे दिन शनिवार को फिल्म ने जबरदस्त जम्प लेते हुए लगभग 5 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है।
हालांकि, यह कमाई का अनुमान है, जो सैनिल्क वेबसाइट ने दिया है। अंतिम आंकड़ा कल ही पता चल पाएगा, जब निर्माताओं की ओर से सही फिगर दिया जाएगा। तब तक यह मानकर चलते हैं कि फिल्म ने दूसरे दिन 5 करोड़ की ब्रेकेट में कलेक्शन किया है। यह रकम कुछ घट या बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें: सिनेमाघरों में रिलीज हुई The Kerala Story 2, केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने पलटा एकल पीठ का फैसला
देश के माहौल ने दी फिल्म को हवा
रिलीज के दूसरे दिन द केरल स्टोरी 2 का कलेक्शन बता रहा है कि तमाम विरोध और आरोपों के बावजूद दर्शक फिल्म देखने जा रहे हैं। द केरल स्टोरी 2 पूरी तरह नॉन-स्टार फिल्म है। विपुल अमृतलाल शाह को छोड़कर फिल्म से जुड़ा एक भी नाम ऐसा नहीं है, जिसकी ऐसी पहचान हो कि लोग फिल्म देखने जाएं।
निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह अपेक्षाकृत नये हैं। फिल्म लीडिंग कास्ट में तीनों अभिनेत्रियां अदिति भाटिया, उल्का गुप्ता और ऐश्वर्या ओझा बिल्कुल नई हैं। तीन पुरुष अभिनेता सुमित गहलावत, अरजन सिंह औजला और युक्तम खोसला के चेहरे भी जाने-पहचाने नहीं हैं। फिल्म को ज्यादातर रिव्यूज खराब मिले हैं।
जाहिर है कि द केरल स्टोरी 2 पूरी तरह उस माहौल की वजह से चल रही है, जो राजनीतिक कारणों से देश में फिलहाल बना हुआ है। इसकी कहानी तीन हिंदू लड़कियों पर आधारित है, जो मुसलमान लड़कों से प्यार करने के बाद शादी करती हैं। वहां, उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित किया जाता है।
यह भी पढ़ें: केरल हाई कोर्ट ने लगाई The Kerala Story 2 की रिलीज पर रोक, सेंसर बोर्ड को दिया पुनरीक्षण के लिए भेजने का निर्देश
ऐसी घटनाएं अक्सर देश के अलग-अलग हिस्सों में सुनने को मिलती हैं, जिन्हें लव जिहाद कह दिया जाता है। बहरहाल, द केरल स्टोरी 2 के दूसरे दिन के आंकड़े देखकर माना जा रहा है कि फिल्म के कलेक्शंस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म द केरल स्टोरी की लाइंस पर जा सकते हैं।

