मुंबई। Dhurandhar 2 Box Office Day 3: अक्सर यह देखा गया है कि साउथ की फिल्में जिस हिसाब से हिंदी बेल्ट में कारोबार करती हैं, हिंदी फिल्मों को वैसा रिस्पॉन्स साउथ में नहीं मिलता। कुछ अपवादों को छोड़कर ज्यादातर हिंदी फिल्मों को दक्षिण भारतीय भाषाओं में कोई खास सफलता नहीं मिली है।
धुरंधर द रिवेंज हिंदी भाषा में बवाल काट कर रही है, मगर साउथ का रिस्पॉन्स बहुत उत्साहवर्धक नहीं है। हालांकि, रिलीज के तीसरे दिन शनिवार को फिल्म ने साउथ में कुछ रफ्तार पकड़ी है। इसमें सबसे ज्यादा योगदान तेलुगु का है।
तीन दिनों में 323 करोड़ का कारोबार
धुरंधर 2 गुरुवार (19 मार्च) को सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज हुई। जैसी उम्मीदें थीं, फिल्म ने उसी के मुताबिक, बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा दिखाया और सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 102 करोड़ की ऐतिहासिक ओपनिंग ली।
याद रहे, यह हिंदी सिनेमा की पहली फिल्म है, जिसने पहले दिन ही शतक ठोका हो। यह कारनामा आज तक शाह रुख खान भी नहीं कर सके हैं। दूसरे दिन शुक्रवार को फिल्म ने 80.72 करोड़ जुटाये, जबकि तीसरे दिन यानी आज शनिवार को फिल्म रात 9 बजे तक 113.02 करोड़ बटोरकर ओपनिंग कलेक्शन को पीछे छोड़ चुकी है।
सिर्फ तीन दिनों में धुरंधर 2 की दूसरी सेंचुरी है। रिलीज के तीसरे दिन फिल्म अब तक 339.29 करोड़ नेट (402.75 करोड़ ग्रॉस) जमा कर चुकी है। इसमें 43 करोड़ पेड प्रीव्यूज के भी शामिल हैं, जो रिलीज से एक दिन पहले बुधवार को आयोजित किये गये थे।
यह भी पढ़ें: Battle Of Galwan का बदला गया नाम, अब नये टाइटल के साथ रिलीज होगी सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म
साउथ में फिल्म को नहीं मिल रहा रिस्पॉन्स
अब,अगर साउथ में फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स की बात करें तो शनिवार रात 9 बजे तक, फिल्म ने तीन दिनों में सिर्फ 14.81 करोड़ ही जमा किये हैं, जो हिंदी वर्जन के कलेक्शन का 10 फीसदी भी नहीं है। इसमें तेलुगु वर्जन के 9.77 करोड़, तमिल के 4.83 करोड़, मलयालम के 10 लाख और कन्नड़ के 11 लाख शामिल हैं।
शनिवार को फिल्म के तेलुगु वर्जन ने थोड़ा रफ्तार पकड़ी और अभी तक 6.35 करोड़ नेट जमा कर चुकी है। तमिल वर्जन ने 3.23 करोड़ बटोर लिये हैं। मलयालम और कन्नड़ भाषाओं के आंकड़े अभी नहीं मिले हैं।
आंकड़ों से समझा जा सकता है कि धुरंधर 2 को दक्षिण भारतीय भाषाओं में स्वीकार्यता नहीं मिल रही, जबकि फिल्म की तारीफ में कई साउथ कलाकार सोशल मीडिया में लिख चुके हैं।
यहां एक बात गौर करने की है कि फिल्म की निर्माता कम्पनी जिओ स्टूडियोज ने अभी तक धुरंधर 2 के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किये हैं। स्टूडियो ने धुरंधर की रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस के आंकड़े हर दिन जारी किये थे।

