मुंबई। Ram Gopal Varma Warns Film Industry: राम गोपाल वर्मा सम्भवत: पहले ऐसे शख्स हैं, जिन्होंने आदित्य धर की फिल्म धुरंधर को आइओपनर फिल्म बताया था। इसके बाद सीक्वल धुरंधर द रिवेंज को रामू ने एरा बदलने वाली फिल्म करार दिया। फिल्म की ब्लॉकबस्टर सक्सेस रामू के कहे एक-एक शब्द को सही ठहरा रही है।
धुरंधर 2 एक तरह बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला रही है, वहीं दूसरी ओर इसको लेकर बहस भी जोरों पर है। अच्छी तरह से बनाई गई फिल्म पर बीजेपी सरकार के पक्ष में प्रोपेगेंडा फैलाने के आरोप लग रहे हैं, मगर इसके बीच राम गोपाल वर्मा ने धुरंधर 2 को लेकर फिल्म इंडस्ट्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है।
धुरंधर 2 ने फोड़ा है परमाणु बम
रामू ने रविवार को एक्स पर लिखा- “अब, जबकि आदित्य धर की फिल्म फिल्म इंडस्ट्री में परमाणु बम फोड़ दिया है तो बाकी फिल्म इंडस्ट्री की जोरदार चुप्पी शॉकिंग है। मुझे नहीं पता कि यह इसलिए है, क्योंकि धुरंधर 2 की विस्फोटक कामयाबी ने सबको अंतरिक्ष में फेंक दिया और उनकी तारीफ दूरी अधिक होने के कारण सुनाई नहीं दे रही है या वो सब इसके स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और एक-दूसरे से फुसफुसा कर कह रहे हैं- यह बस एक प्रोपेगेंडा फिल्म है। जल्द ही खत्म हो जाएगी।
इसके बाद वो सब वापस अपनी वही पुरानी दोहराव भरी फिल्मों के निर्माण में जुट जाएंगे। यह भी सकता है कि फिल्म की आभा से उन सबको लकवा मार गया हो, वो जो कुछ भी बना रहे हैं, इसका मुकाबला नहीं कर पाएंगे।”
यह भी पढ़े: Dhurandhar 2 Box Office Day 10: ‘धुरंधर 2’ का धुआंधार सफर जारी, 800 करोड़ की दहलीज पर हमजा अली मजारी!

धुरंधर 2 की सफलता को झुठलाना बेवकूफी
रामू आगे लिखते हैं कि कुछ भी हो, लेकिन धुरंधर 2 जैसे डायनासोर को नजरअंदाज करना विवेकहीनता है, जो सीधे आपकी आंखों में देखते हुए बॉक्स ऑफिस की दहाड़ के रूप में आग उगल रहा है, जिससे आपके नीचे की जमीन हिल रही है। कोई इतना बेवकूफ कैसे हो सकता है कि इससे मुंह फेर ले।
फिल्म इंडस्ट्री में अपने सभी साथियों से मेरी गुजारिश है कि कृपया धुरंधर 2 को बेहद गंभीरता के साथ देखें और फिल्ममेकिंग के किसी नये कोर्स की तरह इसका अध्ययन करें और सीखें या फिर 19 मार्च से पहले वाले सिनेमा में हमेशा के लिए दफ्न हो जाएं।
धुरंधर 2 को लेकर फिल्म इंडस्ट्री की प्रतिक्रियाओं की बात करें तो बॉलीवुड से फिल्म के बारे में सिर्फ गिनती के लोगों ने बात की है। इनमें कुछ प्रोडक्शन हाउसेज, अक्षय कुमार, आमिर खान, करण जौहर शामिल हैं। हालांकि, दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग फिल्म के बारे में लिख चुके हैं।

