मुंबई। Nayanthara With Salman Khan: साउथ सिनेमा में लेडी सुपर स्टार के नाम से विख्यात अभिनेत्री नयनतारा अब सलमान खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। वामसी पैडीपल्ली निर्देशित अनटाइटल्ड फिल्म में नयनतारा की एंट्री का एलान खुद वामसी ने किया।
निर्देशक वासमी ने किया एलान
मंगलवार को एक्स पर वामसी ने पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा- सलमान खान वामी पैडीपल्ली की फिल्म में नयनतारा का स्वागत है। उनकी गरिमा, शक्ति और विनीत भरी शख्सियत के लिए हमेशा उनका प्रशंसक रहा हूं। हम जो बनाने वाले हैं, उसके लिए बहुत उत्सुक हूं।
सोमवार को ही सलमान खान ने वामसी संग अपनी इस फिल्म की घोषणा की थी, जिसका निर्माण दिल राजू कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग अप्रैल से शुरू हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: ‘मातृभूमि’ के बाद सलमान खान ने की अपनी अगली फिल्म की पुष्टि, साउथ के इस नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर संग करेंगे शूट
फिलहाल फैंस को सलमान की फिल्म मातृभूमि की रिलीज का इंतजार है, जिसकी रिलीज डेट 17 अप्रैल घोषित की गई थी। हालांकि, अभी इस पर अपडेट का इंतजार है।
शाह रुख संग जवान से किया था हिंदी डेब्यू
नयनतारा साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री हैं, जिन्होंने तमिल, तेलुगु और मलयालम सिनेमा में खूब काम किया है। उन्हें देश की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में गिना जाता है। नयनतारा साउथ की अकेली ऐसी एक्ट्रेस हैं, जिनका नाम 2018 में फोर्ब्स इंडिया की सेलिब्रिटी 100 सूची में आया था।
नयनतारा ने 2023 में आई शाह रुख खान की फिल्म जवान से हिंदी सिनेमा में अपना करियर शुरू किया था। इस फिल्म का निर्देशन एटली ने किया था। अब सलमान के साथ नयनतारा की दूसरी हिंदी फिल्म होगी। यह फिल्म भी पैन इंडिया दर्शकों के लिए बनाई जा रही है। नयनतारा इससे पहले कन्नड़ फिल्म टॉक्सिक में अहम भूमिका में दिखेंगी, जिसमें यश लीड रोल में हैं। यह फिल्म जून में रिलीज हो रही है।

