मुंबई। Bhooth Bangla Trailer Out: अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की बहुप्रतीक्षित हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला का ऑफिशियल ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया। अक्षय कुमार की मस्ती, तब्बू की मिस्ट्री और वामिका के ग्लैमर से भरे ट्रेलर में हंसी और डर की बराबर मात्रा रखी गई है। हालांकि, तकनीकी मोर्चे पर भूत बंगला का ट्रेलर पिछली पीढ़ी का लगता है।
अक्षय कुमार ने शेयर किया ट्रेलर
अक्षय कुमार ने एक्स पर ट्रेलर शेयर करके लिखा- भूत बंगला में आपका स्वागत है। यहां ना तो लोग नॉर्मल हैं… और ऊपर से बंगला भी पैरानॉर्मल है। अपने रिस्क पर ही दाखिल होना। भूत बंगला 16 दिसम्बर की रात पेड प्रीव्यूज के साथ सिनेमाघरों में पहुंचेगी।
फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। अक्षय के साथ वामिका गब्बी पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। तब्बू, मिथिला पालकर, परेश रावल, स्वर्गीय असरानी और राजपाल यादप अहम किरदारों में दिखेंगे। फिल्म का निर्माण अक्षय ने एकता कपूर के साथ मिलकर किया है।
यह भी पढ़ें: ‘भूत बंगला’ के गुरुजी की मदद से आग उगलने वाले ड्रैगन को हराएगी ‘नागिन’, फिल्म प्रमोशन के लिए टीवी शो में अक्षय कुमार
कैसा है फिल्म का ट्रेलर?
कहानी मंगलपुर की है, जहां वधूसुर के डर से कोई शादी नहीं करता। एक पुराने श्राप के चलते मंगलपुर में जब भी कोई शादी करता है, वधूसुर दुल्हन को उठाकर ले जाता है। अक्षय कुमार, मिथिला पालकर की शादी वहां करवाने के लिए पहुंचते हैं, मगर सुपरनेचुरल घटनाएं शुरू हो जाती हैं।
लगभग 3 मिनट का ट्रेलर मिला-जुला असर छोड़ता है। कलाकारों का अभिनय और संवाद चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं, साथ में कुछ दृश्य रोमांचक लगते हैं। हालांकि, खराब वीएफएक्स ने हॉरर को कम किया है। ट्रेलर देखने पर फिल्म तकनीकी रूप से कमजोर लगती है।
इस फिल्म को देखने जाने की सबसे बड़ी वजह प्रियदर्शन और अक्षय कुमार ही हैं, जो कई साल बाद साथ आ रहे हैं। अक्षय और प्रियदर्शन ने कई सफल फिल्में दी हैं, जिनमें हेराफेरी फ्रेंचाइजी और भूल भुलैया जैसी फिल्में भी शामिल हैं।
उम्मीद की जा रही है कि भूत बंगला भी अक्षय के फैंस को नराश नहीं करेगी । फिल्म पहले 10 अप्रैल को आने वाली थी, मगर धुरंधर 2 की वजह से इसकी रिलीज पोस्टपोन कर दी गई।

