TIPS VS Vashu Bhagnani: क्या है टिप्स और वाशु भगनानी के बीच का विवाद? डेविड धवन से क्यों नाराज हैं ‘Biwi No.1’ के प्रोड्यूसर?

Vashu Bhagnani VS Ramesh Taurani. Photo- X

मुंबई। Vashu Bhagnani VS TIPS Row: बॉलीवुड में इन दिनों डायरेक्टर डेविड धवन, प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और टिप्स इंडस्ट्रीज (रमेश तौरानी) के बीच चल रहा विवाद काफी चर्चा में है। यह विवाद पुरानी फिल्म बीवी नंबर 1 के गाने ‘चुनरी चुनरी’ के रीक्रिएटेड वर्जन को लेकर है, जो डेविड धवन की नई फिल्म है जवानी तो इश्क होना है में इस्तेमाल हो रहा है।

वाशु भगनानी ने कोर्ट में केस किया है, जिससे फिल्म के ट्रेलर लॉन्च में देरी हुई। फिल्म 5 जून 2026 को रिलीज होने वाली है। आइए, पूरी कहानी क्रमवार समझते हैं।

डेविड धवन और वाशु भगनानी का लंबा सहयोग

डेविड धवन और वाशु भगनानी का रिश्ता 1990 के दशक से चला आ रहा है। दोनों ने मिलकर कई हिट कॉमेडी फिल्में दीं।

  • 1995: कुली नंबर 1 (गोविंदा, करिश्मा कपूर)- उनकी पहली बड़ी हिट।
  • 1997: हीरो नंबर 1 (गोविंदा)
  • 1998: बड़े मियां छोटे मियां (अमिताभ बच्चन, गोविंदा)
  • 1999: बीवी नंबर 1 (सलमान खान, करिश्मा कपूर, अनिल कपूर, सुष्मिता सेन)

इसके बाद शादी नंबर वन और डू नॉट डिस्टर्ब जैसी फिल्में भी दोनों ने साथ में कीं।

डेविड और वाशु का फिल्मों के जरिए बना यह रिश्ता रियल लाइफ में भी नजर आया। दोनों परिवारों के बीच मधुर संबंध रहे। 2019 में कुली नंबर 1 के रीमेक की घोषणा के समय कुछ अफवाहें चलीं कि वाशु अपने बेटे जैकी भगनानी को लीड रोल देना चाहते थे, लेकिन वरुण धवन (डेविड के बेटे) को चुना गया। दोनों ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया था और कहा था कि वे 25 साल से एक ही पेज पर हैं।

यह भी पढ़ें: Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Trailer: वरुण धवन-मृणाल ठाकुर-पूजा हेगड़े की फिल्म का कॉमेडी से भरपूर ट्रेलर आउट

विवाद कैसे शुरू हुआ?

  1. 2020: वाशु भगनानी ने कुली नंबर 1 का रीमेक बनाया। डेविड धवन डायरेक्टर थे और वरुण धवन लीड रोल में थे। फिल्म कोविड के समय अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई। वाशु भगनानी का दावा है कि इस फिल्म में उन्हें करीब 27 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि प्रोड्यूसर में भले ही उनका था, लेकिन प्रोडक्शन की जिम्मेदारी पूरी तरह डेविड धवन संभाल रहे थे। वाशु ने डेविड को करीब 70 करोड़ रुपये दिए जाने का भी जिक्र किया।
  2. नुकसान के बाद समझौता: नुकसान की भरपाई के लिए डेविड धवन ने बीवी नंबर 1 की सीक्वल या रीमेक डायरेक्ट करने का वादा किया। साथ ही यह भी तय हुआ कि वरुण दो फिल्मों में वाशु के लिए काम करेंगे और डेविड के बड़े बेटे रोहित धवन एक फिल्म डायरेक्ट करेंगे। बीवी नंबर 1 रीमेक पर काम भी शुरू हुआ।
  3. 2025-2026: कुछ महीने बाद डेविड धवन ने वाशु भगनानी के साथ बीवी नंबर 1 प्रोजेक्ट छोड़ दिया और रमेश तौरानी (टिप्स फिल्म्स) के साथ है जवानी तो इश्क होना है शुरू कर दी। इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में हैं।
  4. गाने का विवाद: फिल्म के सेट से वीडियो वायरल हुए, जिसमें वरुण ‘चुनरी चुनरी’ का रीक्रिएटेड वर्जन पर डांस कर रहे थे। वाशु भगनानी को पता चला कि उनकी पुरानी फिल्म के गाने बिना इजाजत इस्तेमाल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीवी नंबर 1 के ऑडियो राइट्स टिप्स को दिए गए थे, लेकिन विजुअल और आईपी राइट्स पर उनका हक है। रीक्रिएशन के लिए उनकी अनुमति लेनी चाहिए थी।
  5. मई 2026: वाशु भगनानी ने मुंबई की एक कोर्ट में टिप्स इंडस्ट्रीज और संबंधित पक्षों के खिलाफ केस दायर किया। कोर्ट ने अंतरिम स्टेटस क्वो (Status Quo) ऑर्डर दे दिया, यानी विवादित गाने के उपयोग पर अस्थायी रोक।
  6. ट्रेलर लॉन्च और प्रेस कॉन्फ्रेंस: ट्रेलर लॉन्च पहले टेक्नीकल गड़बड़ी के नाम पर टाल दिया गया (विवाद की वजह से)।

रमेश तौरानी के दावे से नाराज वाशु

वाशु भगनानी ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में डेविड धवन और वरुण पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “डेविड जी को मुझे फोन करके पूछना चाहिए था। नैतिकता होनी चाहिए।” 23 मई को ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें रमेश तौरानी ने कहा कि सब सुलझ जाएगा और फिल्म पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

वाशु ने इसके बाद एक और वीडियो जारी करके अपना नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि मामला अभी कोर्ट में है तो उन्होंने कैसे कह दिया कि विवाद सुलझ गया है। मुझसे तो किसी ने अभी तक सम्पर्क भी नहीं।

    ‘है जवानी तो इश्क होना है’ पर क्या असर पड़ा?

    कोर्ट के स्टेटस क्वो ऑर्डर के कारण गाने के इस्तेमाल पर अनिश्चितता बनी हुई है। फिल्म अभी भी 5 जून 2026 को रिलीज होने वाली है। रमेश तौरानी का कहना है कि विवाद सुलझ जाएगा और रिलीज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। विवाद ने फिल्म की चर्चा तो बढ़ा दी है, लेकिन कानूनी लड़ाई अभी जारी है। वाशु भगनानी ने कहा है कि वे फिल्म की रिलीज रोकना नहीं चाहते, बस अपनी आईपी के लिए उचित सम्मान और अनुमति चाहते हैं।