Jana Nayagan Leaked: विजय की फिल्म के सपोर्ट में उतरे रजनीकांत समेत कई दिग्गज, प्रोडक्शन कम्पनी ने दी चेतावनी (Explained)

Jana Nayagan leaked online. Photo- X

मुंबई। Jana Nayagan Leaked Online: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय की फिल्म जन नायगन (Jana Nayagan) इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यह फिल्म विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही है, क्योंकि वे अब पूर्ण रूप से राजनीति में सक्रिय हो चुके हैं।

टीवीके (तमिलगा वेट्री कजगम) पार्टी के संस्थापक विजय की यह फिल्म निर्देशक एच विनोद के निर्देशन में बनी है। इसमें पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, बॉबी देओल, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज समेत कई बड़े कलाकार हैं। फिल्म एक राजनीतिक थ्रिलर है, जिसे भारी बजट के साथ बनाया गया।

रिलीज से पहले ही फिल्म को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है– सेंसर बोर्ड (CBFC) का विवाद, कोर्ट केस और अब ऑनलाइन लीक।

जन नायगन का ऑनलाइन लीक: क्या हुआ?

9-10 अप्रैल 2026 को फिल्म का 5 मिनट का क्लिप ऑनलाइन लीक हो गया। इसमें टाइटल क्रेडिट्स और विजय का इंट्रोडक्शन सीन शामिल था। जल्द ही व्हाट्सएप, टेलीग्राम, ट्विटर (X) और पायरेटेड वेबसाइट्स पर 10 मिनट का जेल फाइट सीन, ओपनिंग सॉन्ग “थलपति कच्चेरी” और यहां तक कि फिल्म का पूरा HD प्रिंट भी लीक हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लीक एडिट टेबल से हुआ, जिसमें वॉटरमार्क भी था। फैंस और इंडस्ट्री दोनों में हड़कंप मच गया। फैंस ने तुरंत मेकर्स से सख्त एक्शन की मांग की, जबकि पायरेटेड साइट्स पर फिल्म तेजी से वायरल हो रही थी।

निर्माताओं ने जारी की चेतावनी

मेकर्स KVN प्रोडक्शंस (प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण) ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने कहा: “हम KVN प्रोडक्शंस LLP, फिल्म ‘जन नायiन’ के प्रोड्यूसर्स और एक्सक्लूसिव कॉपीराइट ओनर्स हैं। हमें पता चला है कि फिल्म के कुछ सीन और क्लिप्स, और कुछ मामलों में पूरी फिल्म, अनजान व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से एक्सेस, कॉपी और सर्कुलेट की जा रही है।

यह डिजिटल पायरेसी का गंभीर खतरा है। हम सूचित करते हैं कि डाउनलोडिंग, व्यूइंग, स्टोरिंग, फॉरवर्डिंग, शेयरिंग, अपलोडिंग या सर्कुलेटिंग इस लीक कंटेंट को व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम, फेसबुक, X, यूट्यूब, वेबसाइट्स, टोरेंट्स या किसी अन्य माध्यम से करना आपराधिक अपराध और कॉपीराइट कानूनों का उल्लंघन है।

हर डिजिटल एक्शन ट्रेसेबल है। हमने पहले ही फॉरेंसिक जांच और शिकायतें दर्ज कराई हैं और सभी दोषियों के खिलाफ सिविल व क्रिमिनल कार्यवाही शुरू कर दी है। हर व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होगा। कृपया तुरंत डिलीट करें।”

यह भी पढ़ें: Jana Nayagan Censor Row: राम गोपाल वर्मा के बाद कमल हासन ने सेंसर बोर्ड के रुख पर जताई चिंता, सर्टिफिकेशन प्रक्रिया को सुधार की जरूरत

ऑनलाइन लीक पर किसने क्या कहा?

लीक ने पूरे साउथ इंडस्ट्री को झकझोर दिया। कई बड़े सितारों ने पायरेसी की निंदा की और थिएट्रिकल रिलीज का इंतजार करने की अपील की।

शिवकार्तिकेयन ने सबसे पहले रिएक्ट करते हुए कहा, “हर फिल्म सैकड़ों लोगों के पैशन, खून और पसीने से बनती है। प्लीज पायरेसी से बचें। थिएट्रिकल रिलीज का इंतजार करें और सिनेमाघरों में देखें। जो भी जिम्मेदार है, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। टैलेंट का सम्मान करें। मेहनत का सम्मान करें। इंडस्ट्री का सम्मान करें।

तेलुगु सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी ने लिखा, “जन नायगन का दुर्भाग्यपूर्ण लीक मुझे गहरी चिंता में डालता है। सिनेमा ट्रस्ट, मेहनत और कई लोगों के सामूहिक सपनों पर टिका है। ऐसी घटनाएं पूरी इंडस्ट्री को प्रभावित करती हैं और याद दिलाती हैं कि क्रिएटिव वर्क को कैसे बचाना जरूरी है। फिल्म टीम के साथ मेरे विचार और सपोर्ट हैं। आइए सभी जिम्मेदारी लें और सिनेमा का सम्मान करें। Kill Piracy. Save Cinema.”

तमिल स्टार सूर्या ने लिखा- दिल तोड़ने वाला और गैरमुनासिब। एक पूरी टीम के जज्बे का यह हश्र होता है। मैं पूरी ईमानदारी से आप सब से अनुरोध करता हूं कि कृपया इसे ना देखें, शेयर करें या यहां फिल्म को लेकर विमर्श ना करें। उनके काम की कद्र करें। मैं अपने दोस्तों के साथ खड़ा हूं और इस कार्यवाही की निंदा करता हूं। यह अक्षम्य है।

कार्ती ने लिखा- जन नायगन के लीक होने से पूरी इंडस्ट्री आहत है। यह बेहद गलत, अनैतिक और निंदनीय है। मैं अपने दर्शकों से गुजारिश करता हूं कि टीम के साथ खड़े रहें और इसे सही तरीके से देखकर सिनेमा की रूह को बचाकर रखें।

एक्टर विशाल ने लिखा- प्रिय विजय, आपकी/हमारी फिल्म जन नायगन का लीक वीडियो देखना दुखद है। इतनी मेहनत और समर्पण नाली में बह गया। दो दशकों से आपका फैन होने के नाते आपकी सारी फिल्में थिएटर्स में देखी हैं और उनका लुत्फ उठाया है। काश हम इस बार भी ऐसा कर पाते। विशाल ने फिल्म के ओटीटी या सैटेलाइट पर आने की उम्मीद के बीच कहा कि उम्मीद है फिल्म जल्द सही तरीके से देखने को मिलेगी।

मोहन बाबू एम ने इस लीक को फिल्म इंडस्ट्री के खिलाफ एक शर्मनाक कार्यवाही बताया। उन्होंने लिखा कि फिल्म बनाने में सैकड़ों टेक्नीशियनों, कलाकार और क्रू मेम्बर्स की सालों की मेहनत और खून-पसीना लगता है। कई परिवारों का जीवन इससे चलते है। इन अपराधियों ने उनके भविष्य को चोट पहुंचाई है।

सुपरस्टार रजनीकांत ने एक्स पर लिखा- जन नायगन फिल्म को किसी ने इंटरनेट पर लीक कर दिया, जिससे दुख और झटका लगा है। फिल्म संगठनों को अपनी आवाज उठानी चाहिए और सरकरा को जिम्मेदार लोगों की पहचान करके कड़ी सजा देनी चाहिए। ऐसे अपराध भविष्य में नहीं होने चाहिए।

अन्य प्रतिक्रियाएं:

  • प्रोड्यूसर धनंजयन गोविंद ने इसे “देवास्टेटिंग” बताया।
  • अभिनेता सिबिराज, शांतनु भाग्यराज ने फैंस से पायरेटेड क्लिप्स शेयर ना करने की अपील की।
  • खुशबू सुंदर ने पायरेटी को “ऑर्गनाइज्ड थेफ्ट” कहा।
  • कंपोजर जी.वी. प्रकाश कुमार और सिबी सत्यराज ने निराशा जताई।

फैंस भी सोशल मीडिया पर भड़के हुए हैं और सख्त साइबर एक्शन की मांग कर रहे हैं।

फिल्म की रिलीज क्यों अटकी? सेंसर बोर्ड और कोर्ट केस की पूरी कहानी

जन नायगन की रिलीज मूल रूप से 9 जनवरी 2026 (पोंगल) तय थी, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने सर्टिफिकेट जारी नहीं किया। मेकर्स का आरोप था कि फिल्म में सुझाए गए कट्स पर पूरा अमल करने के बावजूद CBFC अनावश्यक देरी कर रहा था।

कुछ अज्ञात शिकायतें आईं, जिनमें फिल्म के कथित रूप से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और आर्म्ड फोर्सेस के चित्रण पर आपत्ति जताई गई। CBFC ने फिल्म को रिवाइजिंग कमेटी को भेज दिया।

कोर्ट केस की टाइमलाइन:

  • मेकर्स ने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया।
  • 9-10 जनवरी 2026 को जस्टिस पी.टी. आशा की सिंगल बेंच ने CBFC को U/A 16+ सर्टिफिकेट जारी करने का आदेश दिया।
  • CBFC ने डिवीजन बेंच में अपील की। 27 जनवरी 2026 को डिवीजन बेंच (चीफ जस्टिस मणिंद्र मोहन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में) ने सिंगल जज के आदेश को रद्द कर दिया। कोर्ट ने कहा कि सिंगल जज ने CBFC को अपना पक्ष रखने का मौका दिए बिना फैसला सुना दिया। यह प्रक्रिया की गलती थी।
  • मामला सुप्रीम कोर्ट गया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे मद्रास हाईकोर्ट को ही वापस भेज दिया और कहा कि फ्रेश सुनवाई हो।
  • अब मामला फिर सिंगल जज के पास है। फिल्म अभी भी सर्टिफिकेट के बिना अटकी हुई है।

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके मद्देनजर रिलीज टाल दी गई, क्योंकि विजय राजनीति में सक्रिय हैं और फिल्म राजनीतिक थीम वाली है।