Jana Nayagan Leak के मुद्दे पर एकजुट हुईं साउथ की फिल्म इंडस्ट्रीज, पाइरेसी के खिलाफ कलाकारों ने जाहिर किया आक्रोश

South film industries condemn Jana Nayagan. Photo- X

मुंबई। Jana Nayagan Online Leak Row: तमिल अभिनेता विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म जन नागयन का ऑनलाइन लीक का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। तमिल इंडस्ट्री के एकजुट होने के बाद अब तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री जन नागयन के सपोर्ट में आ गई है और पाइरेसी के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है।

तेलुगु सिनेमा के कई जाने-माने कलाकारों ने जन नायगन के ऑनलाइन लीक होने को शॉकिंग और दुखद करार देते हुए फिल्म इंडस्ट्री को ऐसे नुकसानों से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इंटरनेट पर लीक हुई विजय की पूरी फिल्म

लगभग चार महीनों से सेंसर बोर्ड और अदालती केसों में फंसी जन नायगन फिल्म के कुछ क्लिप्स और गाने गुरुवार को इंटरनेट पर लीक हुए। इसके बाद पूरी फिल्म पाइरेट साइट्स पर अपलोड कर दी गई, जिससे तमिल इंडस्ट्री में सनसनी फैल गई।

निर्माता कम्पनी केवीएन प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया में चेतावनी जारी करके फिल्म अपलोड और डाउनलोड करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। वहीं, तमिल सिनेमा के कई दिग्गज कलाकारों ने फिल्म के ऑनलाइन लीक पर चिंता और आक्रोश जाहिर करते हुए इस लड़ाई में जन नायगन मेकर्स का साथ देने की बात कही।

रजनीकात और कमल हासन जैसे कलाकार भी फिल्म के लीक होने पर आहत नजर आए। कमल ने इसे सिस्टम की असफलता करार दिया।

यह भी पढ़ें: Jana Nayagan Leaked: विजय की फिल्म के सपोर्ट में उतरे रजनीकांत समेत कई दिग्गज, प्रोडक्शन कम्पनी ने दी चेतावनी (Explained)

एकजुट हुईं साउथ फिल्म इंडस्ट्रीज

ऑनलाइन लीक और पाइरेसी के मुद्दे पर धीरे-धीरे साउथ की फिल्म इंडस्ट्रीज एकजुट होने लगीं और शनिवार को तेलुगु, कन्नड़ और मलायलम फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार जन नायगन के पक्ष में खड़े होने लगे। कलाकारों और फिल्मकारों ने इसके खिलाफ गुस्सा जाहिर करते हुए जिम्मेदार संस्थाओं से पाइरेसी पर रोक लगाने की अपील के साथ दर्शकों से सही तरीके से फिल्म देखने की गुजारिश की।

विजय देवरकोंडा

तेलुगु अभिनेता विजय देवरकोंडा ने अपनी पोस्ट में लिखा- ”जन नायगन की लीक ने मुझे गुस्से से भर दिया है। जब इस तरह की घटना होती है तो दर्द और नुकसान के एहसास मैंने अपने करियर की शुरुआत में अनुभव किया है। आपको लगता है कि आप को टारगेट किया जा रहा है।

आप उम्मीद छोड़ने लगते हो। यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है। कई सह कलाकार, निर्देशक, निर्माता और उनके बारे में है, जो सपने देख रहे हैं। मौजूदा मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझाया जाना चाहिए और जो लोग इसके पीछे हैं, उनकी पहचान की जानी चाहिए।

अगर, ऐसा नहीं होता है तो यह सिस्टम की विफलता है। यह हमें याद दिलाता है कि लोग कितने असंवेदनशील हो चुके है और बिना एक बार भी सोचे किसी को भी नुकसान पहुंचा देंगे। इस फिल्म की पूरी टीम को मेरा बिना किसी शर्त के पूरा समर्थन है।”

पूजा हेगड़े

एक्ट्रेस पूजा हेगड़े ने लिखा- किसी फिल्म को गैरकानूनी रूप से लीक होते देखना परेशान करने वाला है- इसलिए नहीं कि नम्बर्स की बात है, बल्कि इसलिए कि यह फिल्म में काम करने वाले हर कलाकार और टेक्नीशियन के सम्मान को चोट पहुंचाता है।

इसके अलावा, हमें वो मौका ही नहीं मिल पाया कि विजय सर की आखिरी फिल्म को आखिरी बार एक साथ बड़े पर्दे पर सही तरीके से देखें। इसलिए, फिल्म को सही ढंग से ही देखें। कुछ ही वक्त में फिल्म रिलीज हो जाएगी। आइए, पाइरेसी को बढ़ावा ना दें। सिनेमा और आर्ट इसी तरह बच सकेंगी।

वरुण तेज

तेलुगु सिनेमा के एक्टर वरुण तेज कोनिडेला ने लिखा- जन नायगन के साथ जो हो रहा है, वो अस्वीकार्य है। जो कंटेंट अभी रिलीज नहीं हुआ है, उसे लीक कर देना मनोरंजन नहीं है। यह सीधे-सीधे चोरी और पूरी टीम के साथ विश्वासघात है। जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उनकी पहचान हो और दंड मिले। इस तरह के एक्शन के लिए परिणाम भुगतना होगा। आइए, इस कायरतापूर्ण हरकत का समर्थन ना करें।

ऋषभ शेट्टी

कन्नड़ सिनेमा के चर्चित कलाकार और कांतारा जैसी फिल्मों के जरिए लोकप्रिय हुए अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी ने लिखा- सिनेमा जज्बे, सपनों और प्रेम से बनाया जाता है। दर्शकों को मनोरंजन देने के लिए अनगिनत लोग थके बिना काम करते हैं। जब कोई इन कोशिशों से छेड़छाड़ करता है, भले ही कितनी भी छोटी कोशिश हो, इससे सभी लोग प्रभावित होते हैं।

जन नायगन की लीक एक गम्भीर और अस्वीकार्य हरकत है। दर्शक होने के नाते, कृपया मेहनत का सम्मान कीजिए और लीक फुटेज को फैलाना बंद कीजिए। उस शक्ति को खत्म मत करिये, जो आने वाले कल में आपको ढेर सारा सिनेमा देने वाली है। मैं इस मुश्किल घड़ी में केवीएन प्रोडक्शंस की पूरी टीम के साथ खड़ा हूं। हमारे सिनेमा परिवार को रक्षा कीजिए।

आर्य

तमिल, मलायलम और तेलुगु फिल्मों के अभिनेता आर्य ने लिखा- जन नायगन की लीक पूरी तरह अस्वीकार्य है। समझ नहीं आता, कोई यह क्रूर और घातक काम क्यों करना चाहेगा। यह पूरी तरह विश्वासघात का मसला है।

इनके अलावा कई अन्य कलाकारों और मेकर्स ने जन नायगन के लीक होने की कड़ी निंदा की है और दर्शकों से अपील की है कि फिल्म को इंटरनेट पर फैलने से रोकें। जन नायगन पहले 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, मगर सेंसर बोर्ड की ओर से सर्टिफिकेशन ना होने के कारण अटकी हुई है।

मामला अदालत में है। खबरें आई थीं कि फिल्म अप्रैल में रिलीज हो सकती है, मगर इस महीने तमिलनाडु में विधान सभा चुनाव होने के कारण रिलीज खटाई में पड़ गई, क्योंकि फिल्म के मुख्य अभिनेता विजय खुद राजनीतिक पार्टी बनाकर चुनाव लड़ रहे हैं।