तमिलनाडु के असली ‘जन नायगन’ साबित हुए विजय जोसेफ, विधान सभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी TVK

Vijay wins Tamilnadu State Assembly Election 2026. Photo- X

मुंबई। Vijay Jan Nayagan of Tamilnadu: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय जोसेफ की आखिरी फिल्म जन नायगन भले ही सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो सकी, मगर रियल लाइफ में अभिनेता राज्य के असली जन नायगन यानी जन नेता के तौर पर सामने आये हैं।

तमिलनाडु विधान सभा के चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके (Tamilaga Vettri Kazhagam) ने शानदार प्रदर्शन किया है और सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है। खबर लिखे जाने तक, चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, टीवीके ने 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाने हुए नम्बर वन की पोजिशन पर कब्जा कर लिया है, जबकि सरकार में रही डीएमके तीसरे नम्बर पर खिसक गई है।

2024 में विजय ने किया पार्टी का गठन

विजय ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को साकार करने के लिए 2024 में टीवीके का गठन किया था और 2026 में होने वाले चुनाव में अपनी ताल ठोकी। उनकी पार्टी का पहला चुनाव होने के बावजूद विधान सभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया।

देश की सियासत पर नजरों रखने वालों के लिए टीवीके का यह प्रदर्शन चौंकाने वाला है, क्योंकि किसी ने इतने बड़े उलट-फेर की उम्मीद नहीं की थी। यहां तक कि चुनाव से पहले विजय को कॉम्टीटर तो बिल्कुल नहीं माना जा रहा था।

तमिलनाडु विधानसभा में 234 सीटें हैं और मौजूदा रुझान को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि विजय राज्य में सरकार बना सकते हैं।

यह भी पढ़ें: West Bengal Elections 2026: EVM में कैद हुई टॉलीवुड के इन सितारों की किस्मत, सियासी पिक्चर हिट होगी या फ्लॉप!

फिल्मी रहा विजय का सियासी सफर

विजय की यह सफलता किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है, जिसमें सिनेमा का सुपरस्टार अपने करियर की पीक पर सियासत में कदम रखने की घोषणा करता है और बॉक्स ऑफिस की तरह विधान सभा की जंग भी जीतता है।

22 जून को 52 साल के हो रहे विजय ने बाल कलाकार के तौर पर अपना फिल्मी करियर 1984 में शुरू किया था। लगभग 40 साल सिनेमा को देने के बाद उन्होंने सियासत में डेब्यू किया। उनकी आखिरी रिलीज फिल्म द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम है, जो 2024 में रिलीज हुई थी।

उनकी 70वीं और आखिरी फिल्म जन नायगन इस साल जनवरी में रिलीज होने वाली थी, मगर सेंसर बोर्ड और कानूनी पचड़े में पड़ने के कारण फिल्म अभी तक रिलीज नहीं हो सकी है। राज्य में चुनाव के मद्देनजर भी फिल्म की रिलीज आगे नहीं बढ़ सकी, मगर अब जब भी जन नायगन रिलीज होगी, सम्भव है विजय राज्य में सरकार बना चुके होंगे।