Om Shanti Om वाली स्पीच शेयर करने के लिए Shah Rukh Khan ने अदा किया एकेडमी का शुक्रिया, बोले- ‘अब मैं सच में किंग…’

Shah Rukh Khan thanks academy. Photo- X

मुंबई। Shah Rukh Khan Thanks Academy: ऑस्कर अवॉर्ड देने वाली संस्था एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया हैंडलों से शाह रुख खान की फिल्म ओम शांति ओम की वो मशहूर स्पीच शेयर की, जो शाह रुख का किरदार ओम फिल्म में अवॉर्ड लेते वक्त बोलता है।

एकेडमी ने शेयर किया तो पूरे सोशल मीडिया में हल्ला मच गया और वीडियो वायरल हो गया। इतना शोर मचा कि शाह रुख खान ने इसे रीपोस्ट करके एकेडमी का शुक्रिया अदा किया।

एकेडमी ने शेयर की ओम की स्पीच

शाह रुख ने लिखा- ओम की स्पीच के साथ मुझे यादों के गलियारों में ले जाने के लिए शुक्रिया एकेडमी। अब मैं सच में किंग ऑफ द वर्ल्ड की तरह महसूस कर रहा हूं। एकेडमी ने वीडयो शेयर करके लिखा था- किस्मत के बारे में एक बात- यह कभी चूकती नहीं।

यह भी पढ़ें: ‘भाई, अब उम्र हो गई है, रिटायरमेंट ले लो,’ Shah Rukh Khan ने की ट्रोल की बोलती बंद, King को लेकर दिया अपडेट

एकेडमी के वीडियो शेयर करने के बाद शाह रुख खान के फैंस और फैन क्लब दिनभर इसे शेयर करते रहे और इसे शाह रुख की ग्लोबल पॉवर से जोड़कर देखते रहे। इसके बहाने शाह रुख के अन्य वीडियो भी शेयर किये गये, जिनमें से एक में हॉलीवुड अभिनेता माइकल डगलस ओम शांति ओम को अपनी पसंदीदा बॉलीवुड फिल्म बता रहे थे।

2007 में आई थी ओम शांति ओम

2007 में आई ओम शांति ओम का निर्देशन फराह खान ने किया था। इस फिल्म से दीपिका पादुकोण ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। फिल्म जबरदस्त हिट रही थी। ओम शांति ओम पुनर्जन्म और बदले की कहानी थी, जिसमें शाह रुख और दीपिका ने डबल रोल निभाये थे।

पहले जन्म शाह रुख फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष करने वाले जूनियर आर्टिस्ट बने थे, जबकि दूसरे जन्म में सुपरस्टार बने, जिसके आगे पीछे पूरी इंडस्ट्री घूमती है। दीपिका पहले जन्म में सुपरस्टार बनी थीं, जबकि अगले जन्म में वो न्यूकमर बनीं, जिसे किस्मत से चांस मिल जाता है।

फिल्म में शाह रुख की स्पीच काफी मशहूर हुई थी, जिसमें वो कहते हैं कि अगर तुम किसी चीज को शिद्दत से चाहो तो पूरी कायनात तुम्हें उससे मिलाने में जुट जाती है। अगर, एंड अच्छा नहीं है तो समझो पिक्चर अभी बाकी है।

वैसे बता दें, शाह रुख खान के शिद्दत डायलॉग की लाइन मशहूर लेखर पाउलो कोएलो की प्रसिद्ध किताब द अलकेमिस्ट से ली गई है।