Love And War Release Date: इस दिन सिनेमाघरों में पहुंचेगी रणबीर-आलिया-विक्की की फिल्म, ऋषभ शेट्टी से होगी टक्कर!

Love and War release date fixed. Photo- X

मुंबई। Love And War Release Date: संजय लीला भंसाली हिंदी सिनेमा के उन निर्देशकों में शामिल हैं, जो अपनी फिल्मों की भव्यता और हर विभाग में बारीकी के लिए जाने जाते हैं। खासकर, पीरियड कहानियों को पर्दे पर पेश करने में भंसाली को महारत हासिल है। फैंस को अब उनकी अगली फिल्म लव एंड वॉर का इंतजार है, जिसकी रिलीज डेट अब तय हो गई है।

21 जनवरी को रिलीज होगी फिल्म

भंसाली प्रोडक्शंस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा उठाया, जिसके मुताबिक लव एंड वॉर 21 जनवरी 2027 (गुरुवार) को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, यानी अब से लगभग 9 महीने बाद भंसाली की फिल्म थिएटर्स में पहुंचेगी। फिल्म हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में भी रिलीज की जाएगी।

लव एंड वॉर की सबसे बड़ी खासियत है इसकी स्टार कास्ट, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल शामिल हैं। रणबीर और आलिया की संजय के साथ दूसरी फिल्म है, जबकि विक्की पहली बार भंसाली के निर्देशन में काम कर रहे हैं। रणबीर ने 2007 में भंसाली निर्देशित सांवरिया से डेब्यू किया था। वहीं, आलिया उनके निर्देशन में गंगूबाई काठियावाड़ी में काम कर चुकी हैं।

यह भी पढ़ें: Ramayan The Introduction: नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ का पहला टीजर जारी, मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में रणबीर का इंट्रोडक्शन

फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो तीनों मुख्य कलाकार एक-दूसरे के साथ फिल्में कर चुके हैं। रणबीर और विक्की कौशल, संजू के बाद एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखेंगे। वहीं, आलिया के साथ विक्की राजी में काम कर चुके हैं। रणबीर और आलिया, ब्रह्मास्त्र पार्ट-1 में साथ थे।

दूसरी बार बदली रिलीज डेट

लव एंड वॉर की रिलीज डेट दूसरी बार बदली गई है। फिल्म की घोषणा भंसाली ने 2024 के जनवरी महीने में की थी। तब फिल्म की रिलीज डेट 2025 की क्रिसमस बताई गई थी। फिर 2024 के ही सितम्बर महीने में बताया कि फिल्म 20 मार्च 2026 को रिलीज होगी।

21 जनवरी को ऋषभ शेट्टी की फिल्म से टक्कर?

21 जनवरी 2027 को एक और फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की गई थी। यह है संदीप सिंह निर्देशित द प्राइड ऑफ भारत छत्रपति शिवाजी महाराज, जिसमें ऋषभ शेट्टी शिवाजी के किरदार में हैं। इस फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा पोस्टर के साथ दिसम्बर 2024 में की गई थी। हालांकि, उसके बाद कोई अपडेट नहीं आया है।

लव एंड वॉर से पहले रणबीर रामायण – द इंट्रोडक्शन के जरिए बड़े पर्दे पर पहुंचेंगे, जो इस साल दिवाली पर रिलीज हो रही है। इस फिल्म में रणबीर भगवान राम के किरदार में दिखाई देंगे।