Aamir Khan ने की 3 इडियट्स के सीक्वल की पुष्टि, 10 साल आगे बढ़ेगी तीनों मुख्य किरदारों की कहानी

Aamir Khan confirms 3 Idiots 2. Photo- imdb

मुंबई। Aamir Khan Confirms 3 Idiots Sequel: आमिर खान इन दिनों अपने बेटे जुनैद खान की अपकमिंग फिल्म एक दिन के प्रमोशंस में जुटे हुए हैं, जो एक मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में जुनैद के साथ साइ पल्लवी फीमेल लीड हैं, जिनका यह बॉलीवुड डेब्यू है।

इस फिल्म के प्रमोशंस के दौरान एक इंटरव्यू में आमिर ने अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 3 इडियट्स के सीक्वल की पुष्टि की और फिल्म के बारे में कुछ दिलचस्प जानकारियां साझा कीं।

फुंनसुख वांगड़ू बनने के लिए बेकरार आमिर

एक पब्लिकेशन से बातचीत के दौरान आमिर ने राजकुमार हिरानी के साथ अगले प्रोजेक्ट के बारे में बताया कि वो इस वक्त 3 इडियट्स 2 की कहानी पर काम कर रहे हैं, जो बहुत अच्छी बनी है। स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है, लेकिन कहानी बहुत अच्छी है। ह्यूमर भी वैसा ही है और बहुत ही गैरपारम्परिक कहानी है।

हमारे जो किरदार आपने देखे हैं 3 इडियट्स में उनकी ही कहानी है, लेकिन 10 साल बाद की। यह भी एक फिल्म है, जो मैं करूंगा आने वाले दिनों में। अभिजात (जोशी) और राजू (राजकुमार हिरानी) ने बहुत अच्छी लिखी है और जो कनसीव किया है, बहुत अच्छा कनसीव किया है। मैं इसके लिए उत्सुक हूं। एक बार फिर मुझे फुनसुख वांगड़ू के किरदार में उतरना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: Khalnayak Returns: ‘खलनायक रिटर्न्स’ पर आई सुभाष घई की पहली प्रतिक्रिया, संजय दत्त निर्मित फिल्म में निभाएंगे यह जिम्मेदारी

200 करोड़ कमाने वाली पहली हिंदी फिल्म

2009 में रिलीज हुई 3 इडियट्स हिंदी सिनेमा की बेहद लोकप्रिय और सफल फिल्म है। यह इंजीनियरिंग के तीन छात्रों की कहानी है, जो आमिर खान, आर माधवन और शरमन जोशी ने निभाये थे।

फिल्म में करीना कपूर ने फीमेल लीड रोल निभाया था, जबकि बमन ईरानी इंजीनियरिंग कॉलेज के जीनियस प्रिंसिपल और टीचर वायरस के रोल में थे। 3 इडियट्स पढ़ाई में अव्वल रहने के लिए बच्चों पर डाले जाने वाले दबाव पर बात करती है।

इसका एक संवाद भी है कि काबिल बनो कामयाबी झक मारकर आपके पीछे आएगी। 3 इडियट्स चेतन भगत के उपन्यास 5 प्वाइंट समवन का स्क्रीन अडेप्टेशन थी, जिसकी कहानी अभिजात जोशी, राजकुमार हिरानी और चेतन भगत ने लिखी थी। फिल्म का निर्माण विधु विनोद चोपड़ा ने किया था।

इस फिल्म के साथ आमिर खान ने हिंदी सिनेमा में 200 करोड़ क्लब की शुरुआत की थी। फिल्म ने 202.95 करोड़ का नेट कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर किया था।