कौन हैं नेटफ्लिक्स की सीरीज Glory की ‘भारती’, जिनकी ‘कातिल’ अदाएं लूट रही हैं दिल? अगर IPL देखते हैं तो पहचान जाएंगे!

Who is Kashmira Prdeshi from Netflix series Glory. Photo- Instagram

मुंबई। Who is Kashmira Pardeshi From Glory: अगर शुक्रवार को रिलीज हुई नेटफ्लिक्स की स्पोर्ट्स थ्रिलर सीरीज ग्लोरी सीजन-1 देख चुके हैं तो भारती नाम के किरदार पर आपकी नजरें जरूर ठहरी होंगी। साड़ी में लिपटी मासूम खूबसूरती और कातिलाना इरादों वाली भारती, जो सिर्फ अपनी खूबसूरती से ही नहीं, बल्कि साजिशों से भी जान ले रही है।

इस किरदार को निभाने वाली अदाकारा के बारे में बताने से पहले आपका एक क्लू देते हैं। यह मोहतरमा पिछले महीने आइपीएल में एक मैच के दौरान कैमरे में कैद होने के कारण वायरल हुई थीं और तब नई इंटरनेट सेंसेशन बन गई थीं। अगर, आप पहचानने में असफल रहे तो आगे बढ़ते हैं।

ग्लोरी की धुरी है कश्मीरा का किरदार?

ग्लोरी में भारती का किरदार निभा रहीं ये अदाकारा कश्मीरा परदेशी हैं, जिनका किसी वेब सीरीज में यह पहला मेजर रोल है। ग्लोरी में कश्मीरा ने विशाल वशिष्ठ के किरदार, जो पुलिस अफसर है, की पत्नी का रोल निभाया है और शो के लीड एक्टर पुलकित के साथ रोमांस भी है।

यह भारती का एक पक्ष है, मगर दूसरा पक्ष बेहद खतरनाक और दहलाने वाला है। मासूम चेहरे वाली भारती असल में ह्यूमेन ट्रैफिकिंग करती है। झारखंड से लड़कियों को लेकर हरियाणा के शक्तिगढ़ (जहां ग्लोरी की कहानी दिखाई गई है) में सप्लाई करती है।

यह भी पढ़ें: What to Watch on OTT in May 2026: ‘कर्तव्य’ के साथ सैफ और ‘सिटाडेल 2’ के साथ लौटेंगी प्रियंका, मई की पूरी लिस्ट

यह एक परतदार किरदार है, जिसमें कश्मीरा को भारती के कई रंग दिखाने का मौका मिला है। पति और सास की सेवा करने वाली बहू, पति से छिपकर उसके दोस्त के साथ संबंध बनाती बेवफा और अपराध की दुनिया में लिप्त एक अपराधी।

यह कहना गलत नहीं होगा कि ग्लोरी सीजन एक का सरप्राइज भारती यानी कश्मीरा परदेशी हैं।

मिशन मंगल में बनी थीं विद्या बालन की बेटी

पुणे में जन्मी और पली-बढ़ी कश्मीरा ने मुंबई में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी से पढ़ाई की और 2018 में तेलुगु फिल्म Nartanasala से अभिनय की पारी शुरू की। 2019 में उन्होंने अक्षय कुमार की फिल्म मिशन मंगल में विद्या बालन और संजय कपूर की बेटी का किरदार निभाया था।

2023 में आई द फ्रीलांसर सीरीज में उन्होंने आलिया खान नाम का किरदार निभाया था, जिसे आइएसआइएस के चंगुल से छुड़ाने मोहित रैना का किरदार सीरिया जाता है। इसके अलावा कश्मीरा ने कुछ तमिल फिल्मों में भी काम किया है।

आइपीएल मैच में हुई थीं वायरल

4 अप्रैल 2026 को पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच के दौरान कैमरा क्राउड की ओर घूमा तो एक खूबसूरत चेहेर ने हर किसी को आकर्षित किया और कश्मीरा देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गईं। एक्स पर उनके स्क्रीनशॉट शेयर करके लोग पूछने लगे कि वो कौन हैं। कुछ लोगों ने अंदाजा लगाया कि किसी क्रिकेटर की गर्लफ्रेंड होंगी। कश्मीरा पंजाब किंग्स को सपोर्ट करने पहुंची थीं।

इंस्टाग्राम पर भी कश्मीरा काफी वायरल हैं और उनके 2.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं।