मुंबई। Ramakant Dayama Passes Away: बॉलीवुड, टीवी, थिएटर और ओटीटी जगत के दिग्गज अभिनेता रमाकांत दायमा का मंगलवार को मुंबई में निधन हो गया। वे 69 वर्ष के थे। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे रामकांत दायमा का देहांत आज दोपहर में हुआ।
उनके निधन की पुष्टि उनकी दोस्त और अभिनेत्री शुभांगी लाटकर ने सोशल मीडिया पर की। खबर से उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
मराठी फिल्म से किया डेब्यू
रामकांत दायमा का जन्म 13 सितंबर 1956 को महाराष्ट्र के शोलापुर में हुआ था। उन्होंने थिएटर से अपना सफर शुरू किया। स्ट्रीट थिएटर से होते हुए वे फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में पहुंचे। 1994 में मराठी फिल्म माझा सौभाग्य से फिल्मी डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने फोटोग्राफर केरकर का रोल निभाया। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी एक अलग जगह बनाई।
महत्वपूर्ण फिल्में और भूमिकाएं
रामकांत दायमा ने करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। उनकी कुछ प्रमुख फिल्में और रोल इस प्रकार हैं:
- चक दे इंडिया (2007): शाह रूख खान के साथ स्क्रीन शेयर किया। वे आईएचएफ (भारतीय हॉकी फेडरेशन) के अधिकारी के रोल में नजर आए।
- पास (2009): अमोल अर्टे के सेक्रेटरी का रोल।
- शुद्ध देसी रोमांस (2013), ब्रदर्स (2015), बैंक चोर (2017), राम सेतु (2022): डॉ. चंद्रा का रोल।
- क्रू (Crew) और अन्य फिल्मों में सहायक भूमिकाएं।
ओटीटी पर उन्होंने स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी में हर्षद मेहता के पिता शांतिलाल मेहता का किरदार निभाया, जो दर्शकों को बहुत पसंद आया। इसके अलावा फर्जी, मेड इन हेवन, जहानाबाद ऑफ लव एंड वॉर और मेहंदी वाला घर जैसी वेब सीरीज में भी काम किया।
टीवी पर सर्विस वाली बहू (2015) से डेब्यू किया, जिसमें दुबे जी का रोल था। बाद में कुंवारा है पर हमारा है जैसी सीरीज में नजर आए। वे थिएटर के भी माहिर कलाकार थे। 2022 में राष्ट्रपति भवन में शंकर दयाल शर्मा की भूमिका निभाई।
विज्ञापनों से बनाई घर-घर में पहचान
रमाकांत दायमा सेंटर फ्रूट के आइकॉनिक विज्ञापनों के लिए भी प्रसिद्ध थे, जहां उनकी ‘नो टेंशन ओनली एक्शन’ वाली लाइन ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। आईसीआईसीआई बैंक, थम्स अप और एक्सिस बैंक जैसे ब्रांड्स के विज्ञापनों में भी उन्होंने काम किया। वे कविता लिखते थे, पुराने मराठी गाने गाते थे और पियानो बजाते थे।
रामकांत दायमा अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते थे। उनकी पत्नी डॉ. आशा नैथानी दयामा शिक्षिका, लेखिका और एंकर हैं। उनके दो बच्चे हैं:
- बेटा प्रबुद्ध दयामा (अभिनेता)
- बेटी यशस्विनी दयामा (अभिनेत्री)
यशस्विनी ने डियर जिंदगी में शाह रूख खान के साथ काम किया। उन्होंने दिल्ली क्राइम, बंदिश बैंडिट्स, मेड इन हेवन और एडल्टिंग जैसी सीरीज में भी शानदार अभिनय किया। रामकांत दायमा अक्सर अपनी बेटी के साथ इंस्टाग्राम पर फन रील्स शेयर करते थे।

शोक और श्रद्धांजलि
रामकांत दायमा के निधन पर दोस्त शुभांगी लाटकर ने भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा, “आज हमने एक खूबसूरत रूह खो दी। रामकांत दयामा मेरे सिर्फ दोस्त नहीं, परिवार के सदस्य थे। वे जीवन से भरे, गर्मजोशी से लबरेज, नृत्य करने वाले, गाने गाने वाले और बेहतरीन अभिनेता थे। वे मेरे सलाहकार थे। छोटे दिखते थे, लेकिन दिल के बहुत मजबूत थे।
हमने कई अनकम्पलीट प्लान छोड़ दिए। एक हिंदी नाटक और कविता पाठ का प्रोग्राम साथ करना था, जो अब अधूरा रह गया।” सिंटा (CINTAA) और कई साथी कलाकारों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

