मुंबई। Ranveer Singh VS FWICE: रणवीर सिंह और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के बीच चल रहे विवाद में बुधवार को एक दिलचस्प मोड़ आया, जब फेडरेशन ने एक्टर के खिलाफ जारी नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव वापस ले लिया। फेडरेशन के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इसकी घोषणा की।
इम्पा की पहल पर वापस लिया डायरेक्टिव
इस संबंध में जारी सूचना में फेडरेशन की ओर से कहा गया है कि फेडरेशन ने यह फैसला इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) की ओर से जारी अपील के बाद लिया है। सामूहिक रूप से यह तय किया गया है कि विवाद आपसी सलाह-मशविरा से निपटाया जाना चाहिए, ताकि मनोरंजन इंडस्ट्री में सौहार्द्र बना रहे।
हमारी हमेशा से यही कोशिश रही है कि इंडस्ट्री के विवाद संवाद, एक-दूसरे के साथ समझदारी और जिम्मेदारी के साथ निपटाने चाहिए। इसे खींचना नहीं चाहिए। फेडरेशन की ओर से जारी स्टेटमेंट में यह भी कहा गया है कि हम उम्मीद करते हैं, इम्पा मौजूदा विवाद को खत्म करने में सक्रिय भूमिका निभाएगा और सभी संबंधित पक्षों के साथ बातचीत करेगा।
यह भी पढ़ें: Ranveer FWICE Row: ‘हैसियत बढ़ती है तो दुश्मन बढ़ते हैं’, रणवीर सिंह और Don 3 विवाद पर बोलीं कंगना रनौत


इस पूरे मामले में दिलचस्प पहलू यह भी है कि फेडरेशन ने नॉन कोऑपरेशन डायरेक्टिव को वापस लेने का एलान उस समय किया, जब रणवीर सिंह ने फेडरेशन को कोर्ट में घसीटने की तैयारी कर ली थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर ने फेडरेशन के इस फैसले के खिलाफ मंगलवार को कानूनी नोटिस भेजा था।
निर्माता ने FWICE पर किया कोर्ट केस
फेडरेशन के नये फैसले को उसी कानूनी नोटिस के मद्देनजर देखा जा रहा है। इस मामले में इम्पा के पूर्व अध्यक्ष और निर्माता टीपी अग्रवाल ने इस मामले में मुंबई की सिविल कोर्ट में केस दायर किया है।
उन्होंने कहा- कुछ फेडरेशंस खुद को बड़ा समझने लगी हैं। रणवीर सिंह सिंटा (Cine and TV Artists Association) के अभिन्न सदस्य हैं। फिर भी उन्होंने एसोसिएशन को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने ना सिंटा को इसमें शामिल किया और ना ही अन्य किसी इंडस्ट्री संस्था से बात की। अगली सुनवाई 8 जून को होनी है। देखते हैं क्या होता है। मैं पूरी तरह से निर्माताओं के संगठन और हर एक कर्मचारी के साथ खड़ा हूं।
बता दें, फेडरेशन ने डॉन 3 को अचानक छोड़ देने के कारण रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया था, जिसके मुताबिक यह निर्देश दिये गये थे कि फेडरेशन से जुड़ी सभी संस्थाएं और सिने कर्मा रणवीर सिंह के साथ काम ना करें।
डॉन 3 का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कम्पनी एक्सेल एंटरटेनमेंट कर रही है, जिसने आरोप लगाया कि ऐन मौके पर फिल्म छोड़ देने के कारण उन्हें 45 करोड़ का नुकसान हुआ है। निर्माताओं ने जब इसकी शिकायत फेडरेशन से की तो उन्होंने डायरेक्टिव जारी कर दिया।

