Bharat Bhagya Vidhata Trailer: आतंकी हमले के बीच नर्सों की हिम्मत और जज्बे की कहानी, कंगना रनौत की फिल्म का ट्रेलर जारी

Kangana Ranaut film Bharat Bhagya Vidhata trailer out. Photo- X

मुंबई। Bharat Bhagya Vidhata Trailer: बॉलीवुड की दमदार अभिनेत्री कंगना रनौत की आगामी फिल्म भारत भाग्य विधाता (Bharat Bhhagya Viddhaata) का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म 12 जून 2026 को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है।

‘द अनसीन हीरोज’- अनदेखे नायकों की कहानी

ट्रेलर की टैगलाइन ‘द अनसीन हीरोज’ रखी गई है, जो इस फिल्म की कहानी का सार है, जो मुंबई पर 2008 में हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि पर आधारित और कामा हास्पिटल को केंद्र में रखकर दिखाई गई है।

पाकिस्तान समर्थित आंतकियों ने मुंबई के विक्टोरिया टर्मिनस रेलवे स्टेशन से ताज होटल व अन्य जगहों पर अंधाधुंध गोलीबारी करके मौत की तबाही मचाई थी, जिसमें कई लोगों की जानें गई थीं। आतंकियों ने कामा हॉस्पिटल को भी नहीं बख्शा।

मगर, इस दहशत के माहौल में भी नर्सों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और अस्पताल में भर्ती मरीजों की जान बचाई। फिल्म उन ‘अनसीन हीरोज’ को सलाम है, जिन्होंने ड्यूटी निभाते हुए खुद को देशभक्ति का प्रतीक बना दिया।

फिल्म में कंगना एक नर्स के किरदार में हैं। उनके साथ गिरीज ओक, स्मिता ताम्बे, आशा शेलार, अमृता नामदेव, ईशा देय, प्रिया बेर्डे, सुहिता थाते, रसिका अघासे, आदित्य मिश्रा, जाहिद खान अहम किरदारों में हैं।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in June 2026: क्या ब्लॉकबस्टर रहेगा ‘फर्स्ट हाफ’ का क्लाइमैक्स? जून में रिलीज हो रहीं ये 12 फिल्में

कब रिलीज होगी फिल्म?

भारत भाग्य विधाता का निर्देशन मनोज तपाड़िया ने किया है, जबकि कंगना ने अपनी कम्पनी मणिकर्णिका फिल्म्स, परमहंस क्रिएशंस, यूनोइया फिल्म्स और फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट ने निर्माण किया है। फिल्म 12 जून 2026 को पूरे भारत में थिएटर्स में रिलीज होगी।

कंगना की पिछली फिल्म इमरजेंसी है, जो 2025 में रिलीज हुई थी। यह हिस्टोरिकल ड्रामा फिल्म थी, जो इमरजेंसी लागू करने की परिस्थितियों पर आधारित थी। इस फिल्म में कंगना ने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया था।

फिल्म को रिलीज से पहले विवादों का सामना करना पड़ा था और सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने में काफी विलम्ब हुआ था, जिसके कारण फिल्म की रिलीज भी टली थी। फिल्म में कंगना के अभिनय की तारीफ हुई, मगर बॉक्स ऑफिस पर चल नहीं सकी। इसके बाद कंगना अपने राजनीतिक करियर में मसरूफ हो गईं।