मुंबई। Awarapan 2 Villain: विशेष फिल्म्स की इमरान हाशमी अभिनीत आवारापन 2 का इंतजार उनके फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। यह इंतजार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खत्म होगा, जब फिल्म सिनेमाघरों में पहुंचेगी। अब इससे जुड़ी एक दिलचस्प खबर सामने आई है, जो फिल्म को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा देगी।
नेगेटिव रोल में शबाना आजमी
आवारापन 2 में वेटरन एक्ट्रेस शबाना आजमी नेगेटिव किरदार में नजर आएंगी। नेशनल अवॉर्ड विजेता एक्ट्रेस ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक भूमिका निभाई है। गॉडमदर भी बन चुकी हैं, मगर पूरी तरह नेगेटिव किरदार में पहली बार नजर आएंगी।
इस कास्टिंग के पीछे की कहानी भी बेहद दिलचस्प है। राइटर बिलाल सिद्दीकी ने शुरू से ही किरदार को अंदर से गढ़ा था। एक ऐसी शख्सियत, जो आपराधिक दुनिया में चुपचाप, लेकिन गहरे प्रभाव के साथ मौजूद रहती है। उसकी एंट्री शिवम (इमरान हाशमी का किरदार) की जिंदगी को एकदम अनचाहा मोड़ दे देती है।
कैसे हुई शबाना की एंट्री?
बिलाल ने इस किरदार को मनोवैज्ञानिक गहराई, खतरनाक आभा और जरूरी वजन दिया था, लेकिन जब प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने इस किरदार को और व्यापक नजरिए से देखा तो उन्होंने फैसला लिया कि शिवम की दुनिया में एक महिला को रखना कहानी में नया रंग भर देगा।
इस सोच ने किरदार को पूरी तरह बदल दिया। नाम रखा गया- नफीसा और नफीसा को साकार करने के लिए सिर्फ एक ही नाम दिमाग में आया- शबाना आजमी। 18 सितंबर 2025 को अपने जन्मदिन पर शबाना आजमी ने अवारापन 2 की शूटिंग जॉइन की।
यह भी पढ़ें: Awarapan 2 Update: इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म पर आया अपडेट, जानकर खुश हो जाएंगे ‘आवारापन 2’ के फैंस

50 साल से ज्यादा के करियर और 150 से अधिक फिल्मों में शबाना आज़मी ने शायद ही कभी नेगेटिव शेड वाला किरदार चुना हो। आवारापन 2 में यह उनका पहला ऐसा मोड़ है। एक ऐसा रोल, जिसकी कल्पना बिलाल सिद्दीकी ने की, विशेष भट्ट ने उसे महिला नफीसा के रूप में नया रूप दिया और शबाना आजमी ने उसे अपने अभिनय से जीवंत कर दिया।
उनके आने से नफीसा को वो ताकत, प्रभाव और फिल्म में सही जगह मिल गई, जो किरदार को चाहिए थी। भट्ट परिवार और शबाना आजमी के बीच का रिश्ता दशकों पुराना है। फिल्मों, लंबी बातचीत और घनिष्ठ संबंधों से जुड़ा यह बंधन बेहद खास है।
प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने कहा, “नफीसा सिर्फ शबाना जी ही हो सकती थीं। वे इस रोल में एक ऐसा प्रभाव, ताकत और मौजूदगी लाती हैं, जो पूरी तरह उनकी अपनी है। वे अपनी जन्मदिन पर हमारे पास आईं और सब कुछ सही जगह पर फिट हो गया।”
बॉक्स ऑफिस पर शबाना VS शबाना
आवारापन 2 का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। फिल्म का प्रोडक्शन विशेष भट्ट संभाल रहे हैं। फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। 14 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर आवारापन 2 की टक्कर सनी देओल की बंटवारा 1947 से होगी। इस फिल्म में भी शबाना आजमी अहम रोल में हैं।

