मुंबई। Alpha Teaser: यशराज बैनर के स्पाइ यूनिवर्स की अगली फिल्म अल्फा (ऐल्फा) अगले महीने सिनेमाघरों में आने के लिए तैयार और बुधवार को इसका टीजर जारी करके मेकर्स ने प्रमोशन का आगाज कर दिया है। इस फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य किरदारों में हैं, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदारों में हैं।
आलिया और बॉबी के किरदारों से उठा पर्दा
आलिया के किरदार के बारे में तो पहले से पता था कि वो एक किलिंग मशीन बनी हैं, मगर टीजर आने के बाद बॉबी के किरदार से भी पर्दा उठ गया है। बॉबी, आलिया के पिता के किरदार में हैं, जो भारत सरकार के लिए खतरनाक स्पाइज की टीम तैयार करता है। इस प्रोग्राम का नाम अल्फा है।
आलिया का किरदार सीता इसी अल्फा प्रोग्राम का हिस्सा है। टीजर में अल्फा के इंट्रोडक्शन के साथ बॉबी के किरदार को भी मुकम्मल जगह दी गई है। अपने 18वें जन्मदिन पर अल्फा पहले मिशन को अंजाम देती है। किसी अन्य किरदार की झलक पहले टीजर में नहीं मिलती।
कहानी में बॉबी के किरदार की अहमियत और मौजूदा दौर में उनकी मार्केट वैल्यू के मद्देनजर टीजर में उन्हें प्रमुखता से दिखाया गया है। इसके साथ फिल्म की रिलीज डेट की भी पुष्टि कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: Dhamaal 4 Character Posters: अजय देवगन स्टारर ‘धमाल 4’ की उल्टी गिनती शुरू, मेकर्स ने जारी किये कैरेक्टर पोस्टर्स
अल्फा, स्पाइ यूनिवर्स की पहली फिल्म है, जिसकी लीड एक महिला जासूस है। स्पाइ फिल्म सीरीज में सलमान खान टाइगर, शाह रुख खान पठान और ऋतिक रोशन मेजर कबीर धालीवाल बनकर आते हैं। स्पाइ यूनिवर्स की शुरुआत एक था टाइगर के साथ हुई थी, जिसके बाद टाइगर जिंदा है, वॉर, पठान, टाइगर 3 और वॉर 2 फिल्में आईं।
दो बार टल चुकी है फिल्म की रिलीज
अल्फा 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म पहले 2025 की क्रिसमस पर रिलीज होने वाली थी, मगर फिर से 17 अप्रैल 2026 तक के लिए खिसका दिया गया। कारण बताया गया कि वीएफएक्स पर काम बाकी है। मार्च में यशराज ने जानकारी दी कि फिल्म 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि, अब इसे एक हफ्ता प्रीपोन कर दिया गया है।
अब टीजर और पोस्टर के साथ फिल्म की रिलीज डेट की पुष्टि कर दी गई है।

फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जो यशराज के लिए द रेलवेमेन जैसी बेहद चर्चित और सफल वेब सीरीज बना चुके हैं। फिल्म की कहानी निर्माता आदित्य चोपड़ा के छोटे भाई उदय चोपड़ा ने लिखी है, जबकि स्क्रीनप्ले सौमिल शुक्ला और श्रीधर राघवन का है। संवाद इशिता मोइत्रा के हैं। रोहांश और अबीर ने संगीत दिया है।

