मुंबई। Aamir Khan Gauri Spratt Wedding: आमिर खान तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं। यह खबर जंगल में आग की तरह फैल चुकी है। सोशल मीडिया में इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, मगर एक प्रतिक्रिया ऐसी है, जो 9 साल पहले ही आ गई थी। वो भी उनके खास दोस्त सलमान खान की ओर से।
आमिर की शादी का कार्यक्रम बताने से पहले हम आपको सलमान खान की उस प्रतिक्रिया के बारे में बताते हैं, जो उन्होंने 2017 में मजाक में दी थी।
आमिर खान के हाथ-पैर बांधना चाहते थे सलमान
यह उस दौर की बात है, जब सलमान खान की शादी का सस्पेंस खबरों की सुर्खियां बनता था। उनकी गर्लफ्रेंड्स और शादी की सम्भावनाओं को लेकर खूब गॉसिप होता था और खबरें मीडिया में छाई रहती थीं। उसी दौरान मीडिया से बातचीत में जब आमिर से सलमान की शादी पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि लगता है, उसके (सलमान) हाथ-पैर बांधकर शादी करवानी पड़ेगी।
एक मीडिया इंटरेक्शन में जब आमिर की यह बात सलमान को बताते हुए उनकी राय जानी गई तो दबंग खान ने कहा कि आमिर को तीसरी शादी करने से रोकने के लिए उनके हाथ-पैर बांधने पड़ेंगे। सलमान ने भले ही मजाक में कहा था, मगर बात सच होने जा रही है।
9 साल बाज सलमान आज भी सिंगल हैं और दूर-दूर तक शादी की कोई उम्मीद नहीं लगती। मगर, आमिर तीसरी शादी करने जा रहे हैं। इसका एलान उन्होंने खुद मीडिया इंटरेक्शन के दौरान किया।
यह भी पढ़ें: Aamir Khan ने की 3 इडियट्स के सीक्वल की पुष्टि, 10 साल आगे बढ़ेगी तीनों मुख्य किरदारों की कहानी
5 जुलाई को गौरी संग शादी कर रहे आमिर खान
गुरुवार की रात मुंबई में राजकुमार हिरानी की डेब्यू सीरीज प्रीतम एंड पेड्रो की स्क्रीनिंग रखी गई थी, जिसमें आमिर ने शादी के प्लांस की जानकारी दी। एक्टर ने बताया कि वो 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी करने जा रहे हैं। यह सादगी से उनके घर ही सम्पन्न होगी और परिवार के नजदीकी लोग ही शामिल होंगे।
दिलचस्प पहलू यह है कि जब आमिर मीडिया को अपनी शादी की योजना बता रहे थे, उस वक्त बेटे जुनैद उनके पास ही खड़े थे।
1986 में हुई थी आमिर की पहली शादी
आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता के साथ 1986 में हुई थी, जब आमिर बॉलीवुड में अपना करियर शुरू कर ही रहे थे। इस शादी से उनके दो बच्चे आइरा और जुनैद हुए। 2002 में आमिर और रीना का तलाक हो गया। आमिर ने दूसरी शादी अपनी लगान फिल्म की सहायक निर्देशक किरन राव से की, जिनके साथ उनका एक बेटा आजाद है।
2021 में आमिर ने रीना के साथ सेपरेशन की घोषणा कर दी थी। इसके कुछ वक्त बाद उनका नाम गौरी स्प्रैट से जुड़ने लगा। 2025 में अपने जन्मदिन पर गौरी के साथ आकर आमिर ने इस रिश्ते पर मुहर लगा दी और उसके बाद दोनों को अक्सर कई सार्वजनिक और निजी कार्यक्रमों में साथ देखा जा चुका है।

