IKKA Trailer: सनी देओल नहीं, तिलोत्तमा शोम दिखाएंगी ढाई किलो का हाथ! इस बार आरोपी को बचाते नजर आएंगे गदर एक्टर

Sunny Deol and Akshaye Khanna film Ikka trailer out. Photo- X

मुंबई। IKKA Trailer: सनी देओल पर्दे पर अपनी गुस्सैल छवि और एक्शन के लिए जाने जाते हैं। जहां बात तेवर दिखाने की आती है तो सनी का कोई सानी नहीं है। घायल हो या घातक या फिर दामिनी में 45 मिनट का किरदार, सनी ने पर्दे पर जो किया, वो आज भी रोंगटे खड़े कर देता है।

अब नेटफ्लिक्स की फिल्म इक्का में सनी एक बार फिर वकील का काला कोट पहनकर अदालत में जिरह करते नजर आएंगे, मगर इस बार वो कत्ल के आरोपी की ओर से अदालत में लड़ेंगे। फिल्म का ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया है।

कोर्टरूम ड्रामा है इक्का

सिद्धार्थ पी मल्होत्रा निर्देशित फिल्म में सनी अर्जुन मेहरा नाम के बड़े वकील का किरदार निभा रहे हैं, जो उसूलों पर चलता है और इंसाफ में यकीन रखता है, मगर हम कोर्ट में जीतने के लिए नहीं, हक के लिए लड़ते हैं कहने वाला वकील जब एक रईस, कारोबारी के हत्याभियुक्त बेटे शौर्यमान गौड़ का केस लेता है तो हंगामा मच जाता है।

इस केस में पब्लिक प्रोसीक्यूटर के किरदार में तिलोत्तमा शोम हैं, जो अर्जुन के सामने अदालत में खड़ी होती है, मगर वो जानती है कि अर्जुन के सामने टिकना कितना मुश्किल है। मगर, सवाल यह है कि अर्जुन ने आखिरकार यह केस लिया क्यों, जबकि वो जानता है कि शौर्यमान एक घटिया और अय्याश किस्म का इंसान है। यही इक्का का असली ट्विस्ट है।

यह भी पढ़ें: Super Subbu OTT Release: सेक्स एजुकेशन पर ओरिजिनल कॉमेडी सीरीज के साथ नेटफ्लिक्स ने तेलुगु इंडस्ट्री में खोला खाता

कोर्टरू ड्रामा में असली मजा तब आता है, जब फिल्म का हीरो अपराध और नाइंसाफी के खिलाफ लड़ता है। उसकी हर जीत पर पब्लिक तालियां बजाती है। दामिनी इसकी मिसाल है, जिसमें सनी की दलीलों ने पूरी अदालत को हिला दिया था। मगर, इस बार सनी दूसरे खेमे में हैं। हालांकि, ट्रेलर के कुछ दृश्यों से लगता है कि खेमा कोई भी हो, सनी के तेवर नहीं बदले हैं।

ट्रेलर के एक दृश्य में ह्यूमर के लिए सनी के दामिनी के एक संवाद यह ढाई किलो का हाथ है का रेफरेंस लिया गया है, जब तिलोत्तमा हाथ में स्लिंग बांधकर अदालत पहुंचती हैं तो जज पूछते हैं कि आपके हाथ को क्या हुआ। तिलोत्तमा कहती हैं, बड़ा केस है सर, ढाई किलो का हाथ जरूरी है ना सर।

फिल्म में दीया मिर्जा और संजीदा शेख भी अहम किरदारों में हैं।

ओटीटी डेब्यू को लेकर एक्साइटेड सनी

इक्का का निर्माण अलकेमी फिल्म्स ने किया है। इक्का, सनी देओल का ओटीटी डेब्यू है। यह उनकी पहली फिल्म है, जो सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ रही है। फिल्म का लेकर सनी ने कहा- इक्का सिर्फ एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं है। यह परिवार, रिश्तों और कड़े फैसलों की कहानी है।

अर्जुन सही का साथ देने में यकीन करता है, लेकिन हालात ऐसे बनते हैं कि वो अपने आसपास की चीजों को सवालिया नजरों से देखने लगता है। उसका दर्द, गुस्सा, खामोशी और सही के लिए उसकी लड़ाई ने मुझे इस किरदार को करने के लिए प्रेरित किया। यह मेरे लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि पहली स्ट्रीमिंग रिलीज है।

दीया मिर्जा अर्जुन की पत्नी अवंतिका के रोल में हैं। उन्होंने किरदार के बारे में बताया कि अवंतिका एक ऐसी शख्सियत है, जो गर्मजोशी से भरी है और मुश्किल वक्त में भी अपने आसपास के लोगों को ताकत और स्थिरता देती है। इक्का एक कोर्टरूम ड्रामा होने के साथ एक परिवार की मानवीय कहानी है।

प्रोसीक्यूटर मधुरा का किरदार निभा रहीं तिलोत्तमा ने कहा कि इक्का में मेरे किरदार को लगातार चुनौतियां मिलती हैं और उन जटिलताओं को निभाने में मुझे बहुत मजा आया।

अक्षय खन्ना ट्रेलर लॉन्च में शामिल नहीं हुए, मगर वॉइस मैसेज के जरिए कहा- कुछ मुलाकातें स्टेज पर नहीं हो सकतीं। अगर हो गईं तो जलजला आ सकता है। इसलिए इक्का और मैं अब सिर्फ नेटफ्लिक्स पर मिलेंगे 10 जुलाई को।