मुंबई। Alpha Box Office Day 1: यशराज फिल्म्स के स्पाइ यूनिवर्स की ताजा फिल्म ऐल्फा ने बॉक्स ऑफिस पर सधी हुई शुरुआत की है। सोलो लीड रोल में आलिया की यह दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है। हालांकि, स्पाइ यूनिवर्स की बाकी फिल्मों के मुकाबले ऐल्फा की ओपनिंग काफी कम रही है।
9 करोड़ की ओपनिंग का अनुमान
3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने 9 करोड़ के आसपास नेट कलेक्शन पहले दिन किया। यह शुरुआती आंकड़े हैं। कमाई के अंतिम आंकड़ों में फेरबदल हो सकता है। अगर, आलिया की सोलो लीड रोल वाली फिल्मों से तुलना करें तो ऐल्फा गंगूबाई काठियावाड़ी से कुछ पीछे रह गई। हालांकि, राजी और जिगरा से बेहतर है।
2022 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली निर्देशित फिल्म ने 10.50 करोड़ की ओपनिंग ली थी। वहीं, 2024 में आई जिगरा को 4.55 करोड़ और उससे पहले 2018 में आई राजी को 7.53 करोड़ की ओपनिंग मिली थी। मेघना गुलजार निर्देशित राजी स्पाइ फिल्म थी, जिसमें आलिया ने कश्मीरी लड़की का रोल निभाया था, जिसे भारतीय जासूस बनाकर पाकिस्तान भेजा जाता है।
आलिया (सोलो लीड) की हाइएस्ट ओपनिंग फिल्में
- गंगूबाई काठियावाड़ी- 10.50 करोड़
- ऐल्फा- 9 करोड़
- राजी- 7.53 करोड़
- जिगरा- 4.55 करोड़
- हाइवे- 3.42 करोड़
खास बात यह है कि ऐल्फा को सोशल मीडिया में खूब ट्रोल किया जा रहा है। फिल्म का ट्रेलर आने के बाद से फिल्म के खिलाफ लगातार माहौल बनाया गया। वहीं, रिलीज के बाद ज्यादातर समीक्षकों ने फिल्म को नेगेटिव रिव्यूज दिये हैं।
ऐसे में फिल्म को 9 करोड़ की ओपनिंग मिलना भी किसी उपलब्धि से कम नहीं है।
2026 की छठी सबसे बड़ी ओपनिंग
इस साल रिलीज हुई फिल्मों के कलेक्शंस देखें तो ऐल्फा छठी सबसे बड़ी ओपनिंग है। फिल्म को रानी मुखर्जी की मर्दानी, शाहिद कपूर की ओ रोमियो, वरुण धवन की है जवानी तो इश्क होना है से बेहतर ओपनिंग मिली है।
- धुरंधर 2- 90 करोड़
- बॉर्डर 2- 32.10 करोड़
- वेलकम टू द जंगल- 14.80 करोड़
- कॉकटेल 2- 13.10 करोड़
- भूत बंगला- 11.50 करोड़
- ऐल्फा- 9 करोड़*
ऐल्फा स्पाइ यूनिवर्स की छठी फिल्म है। इसकी शुरुआत सलमान खान स्टारर एक था टाइगर के साथ हुई थी। इसके बाद टाइगर जिंदा है और टाइगर 3 हीं। वहीं, शाह रुख खान की पठान भी स्पाइ यूनिवर्स के तहत बनाई गई थी, जिसमें टाइगर का क्रॉसओवर रखा गया था।
ऋतिक रोशन को लेकर स्पाइ यूनिवर्स में दो फिल्में वॉर और वॉर 2 बनाई गई हैं। ऋतिक ने ऐल्फा में भी कैमियो किया है। शिव रवैल निर्देशित फिल्म में आलिया के साथ शरवरी ने पैरेलल लीड रोल निभाया है, जबकि अनिल कपूर और बॉबी देओल अहम किरदारों में हैं।

