Awarapan 2 Trailer: गुरुवार को आ रहा है ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर, निर्माता विशेष भट्ट ने बताया- सीक्वल लाने में क्यों लगे 19 साल?

Awarapan 2 trailer tomorrow. Photo- X

मुंबई। Awarapan 2 Trailer: इमरान हाशमी के फैंस उनकी अगली फिल्म आवारापन 2 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो इस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म के पोस्टर, टीजर और गाने के बाद अब बारी ट्रेलर की है, जो 6 अगस्त को जारी किया जाएगा।

आगे बढ़ेगी शिवम पंडित की कहानी

ट्रेलर को लेकर इमरान के फैंस में जबरदस्त उत्साह है। 19 साल के अंतराल के बाद आ रही आवारापन 2 मुख्य किरदार शिवम के सफर को आगे बढ़ाएगी। 2007 में रिलीज हुई आवारापन बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी, मगर वक्त के साथ इसने कल्ट स्टेटस हासिल कर लिया।

फिल्म के लोकप्रिय होने में इसके संगीत ने काफी अहम योगदान दिया था। पहली फिल्म जहां मोहित सूरी ने निर्देशित की थी, वहीं दूसरी फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। इमरान के फैंस की तरह निर्माता विशेष भट्ट भी फिल्म के लिए काफी उत्साहित हैं।

विशेष ने इंस्टाग्राम लाइव में फिल्म को लेकर फैंस से संवाद किया। फैंस ने जब उनसे पूछा कि आवारापन 2 लाने में इतना लम्बा वक्त क्यों लगाया? इस पर उन्होंने कहा- आवारापन 2 को इतने साल इसलिए लग गये, क्योंकि फैंस को आवारापन फिल्म को समझने में 19 साल लगे। आवारापन सिर्फ एक फिल्म नहीं है। यह शिवम पंडित की जर्नी है।

यह भी पढ़ें: Awarapan 2 Teaser: इमरान हाशमी ने कर दिया एलान- ‘इस बार या तो आवारापन खत्म होगा या मैं…’, देखें जबरदस्त टीजर

दिशा पाटनी संग इमरान हाशमी

आवारापन 2 में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी फीमेल लीड रोल में हैं। वहीं, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहरी, अनिरुद्ध रावल और अतुल कुमार जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत मिथुन, जीत गांगुली, अमाल मलिक और अखिल सचदेवा ने दिया है। फिल्म का निर्माण विशेष भट्ट प्रोडक्शन ने किया है, जबकि बिलाल सिद्दीकी ने इसे लिखा है।

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म सनी देओल की बंटवारा 1947 से टक्कर लेगी, जिसको लेकर काफी चर्चा है। सनी की फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि निर्माता आमिर खान हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में भी शबाना आजमी अहम किरदार में नजर आएंगी।