मुंबई। Awarapan 2 Teaser: इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन 2 का उनके फैंस शिद्दत से इंतजार कर रहे हैं, जो स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खत्म होगा। सोमवार को फिल्म के पहले टीजर रिलीज के साथ इसके प्रमोशन का श्रीगणेश कर दिया गया है। टीजर में इमरान के किरदार शिव पंडित, कहानी और किरदारों की झलक दिखाई गई है।
आवारापन 2 बॉलीवुड की उन फिल्मों में शामिल है, जिनके सीक्वल कई सालों बाद बड़े पर्दे पर लौटे हैं। टीजर दमदार है और इमरान हाशमी की जोरदार वापसी की उम्मीद जगाता है।
शिवम की आखिरी आवारगी
फिल्म का लोगो और सोल ऑफ आवारापान म्यूजिक की रिलीज के बाद 29 जून को मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज किया, जिसमें शिव पंडित की कहानी के तार पिछली फिल्म से जुड़ते हैं। मौत को छूकर लौटा शिव अब अपने मकसद की तलाश में है। इस बार शिव अपने आवारापन को या तो खत्म करेगा या खुद खत्म हो जाएगा।
शिव की कहानी में दिशा पाटनी, शबाना आजमी, साकिब सलीम और सुविंदर विक्की जुड़े हैं। शबाना फिल्म में विलेन के किरदार में नजर आएंगी।
आवारापन 2 का टीजर इसकी रूह के अनुरूप है। इमरान हाशमी शिवम पंडित के किरदार में पहले जैसे तेवर दिखा रहे हैं। गैंगस्टर कहानी को इस बार विस्तार दिया गया है, जो टीजर के दृश्य जाहिर करते हैं। अच्छे कलाकार कहानी को सपोर्ट करते हैं। आवारापन रोमांटिक एक्शन थ्रिलर फ्रेंचाइजी है, लिहाजा संगीत इसमें अहम भूमिका निभाने वाला है।
संगीत पर दारोमदार
फैंस को उम्मीद भी काफी है कि आवारापन 2 का संगीत एक बार फिर उन्हें 19 साल पहले आई आवारापन के दौर में ले जाएगा। टीजर में आइकॉनिक तो फिर आओ के 2.0 वर्जन की कसक सुनाई देती है। इसे मिथुन ने कम्पोज किया है, जबकि बोल सईद कादरी ने लिखे हैं।

विशेष फिल्म्स निर्मित आवारापन 2 का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसे बिलाल सिद्दीकी ने लिखा है। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में उतर रही है। बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर सनी देओल की मोस्ट अवेटेड बंटवारा 1947 के साथ होगी।

