मुंबई। Awarapan 2 Box Office Day 5: इमरान हाशमी ने 2003 में आई फिल्म फुटपाथ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। लगभग 23 साल के करियर में उन्होंने कई हिट और सफल फिल्मों में काम किया, मगर 100 करोड़ की मंजिल तक नहीं पहुंच सके। अब आवारापन 2 ने उन्हें इस क्लब में एंट्री दिलवा दी।
14 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ने मंगलवार को पांचवें दिन 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया। पिछले कुछ सालों से इमरान का करियर पटरी से उतरा हुआ था। वो फिल्में तो कर रहे थे, मगर बॉक्स ऑफिस पर उन्हें सफलता नहीं मिल रही थी।
15 साल बाद इमरान को मिली सोलो हिट
आवारापन 2 से पहले इमरान की आखिरी सफल फिल्म राज 3 (2012) है, जिसने 70 करोड़ का कारोबार किया और सेमी हिट करार दी गई। इससे पहले 2011 में 2007 में आई द डर्टी पिक्चर 80करोड़ का नेट कलेक्शन करके हिट रही थी, मगर इस फिल्म की सफलता का सारा श्रेय विद्या बालन लूट ले गईं।
आवारापन 2 की बॉक्स ऑफिस सफलता ने ना सिर्फ इमरान हाशमी की वापसी करवाई है, बल्कि इस साल बॉलीवुड की हिचकोले खाती नैया को थोड़ा सहारा देने का काम भी किया है। यह फिल्म पूरी तरह इमरान हाशमी के कंधों पर टिकी है।
नितिन कक्कड़ निर्देशित फिल्म में इमरान ने अपने किरदार शिवम पंडित के रूप में वापसी की। इस बार उनका लेडी लव दिशा पाटनी बनीं और फिल्म में शबाना आजमी और सुविंदर विक्की जैसे सक्षम कलाकारों ने साथ दिया।
दिलचस्प बात यह है कि आवारापन फ्लॉप रही थी, मगर शिवम पंडित का किरदार दर्शकों के बीच हिट रहा था और वो इसकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर दिख भी रहा है।
2026 की छठी हाइएस्ट ग्रॉसर
निर्माताओं की ओर से जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 5 दिनों मे 104.63 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया। आवारापन 2 इस साल अब तक रिलीज हुई फिल्मों की टॉप 10 लिस्ट में छठे स्थान पर पहुंच गई है।
1- धुरंधर 2- 1108 करोड़
2- बॉर्डर 2- 341.70 करोड़
3- भूत बंगला- 168.26 करोड़
4- धमाल 4- 163.62
5- वेलकम टू द जंगल- 130.80 करोड़
6- आवारापन 2- 104.63 करोड़
7- कॉकटेल 2- 92 करोड़
8- मैं वापस आऊंगा- 65.30 करोड़
9- ओ रोमियो- 59.90 करोड़
10-ऐल्फा- 57.70 करोड़
स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले रिलीज हुई फिल्म ने 23.40 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जो धुरंधर 2 और बॉर्डर 2 के बाद इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है। शनिवार और रविवार को फिल्म ने क्रमश: 34.09 करोड़ और 26.82 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जबकि सोमवार और मंगलवार को फिल्म के नेट कलेक्शंस 10.06 और 10.26 करोड़ रहे।

