मुंबई। Bhooth Bangla Advance Bookings: अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला की एडवांस बुकिंग बैसाखी के पावन पर्व पर शुरू हो गई है। अक्षय ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, मगर फिल्म के हॉरर जॉनर को देखते हुए 16 अप्रैल को रात 9 बजे से इसके पेड प्रीव्यूज रखे गये हैं।
भूत बंगला दरवाजे दर्शकों के लिए खुले
अक्षय ने एक्स पर एडवांस बुकिंग की सूचना देते हुए लिखा- ठहाकों, अफरा-तफरी और सिहरन का संसार आपका इंतजार कर रहा है। बंगला में आपकी एंट्री अब शुरू होती है। भूत बंगला का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म में वामिका गब्बी फीमेल लीड हैं, जबकि तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
निधन के बाद रिलीज होने वाली असरानी की यह तीसरी फिल्म है। इससे पहले किस किस को प्यार करूं और इक्कीस सिनेमाघरों में आ चुकी हैं। अक्षय और प्रियदर्शन के साथ ही हैवान असरानी की सिनेमाघरों में आखिरी रिलीज होगी। वेटरने एक्टर का निधन पिछले साल 20 अक्टूबर को हो गया था।
यह भी पढ़ें: Daadi Ki Shaadi: कपिल शर्मा स्टारर फिल्म से 45 साल की उम्र में बॉलीवुड डेब्यू करेंगी कपूर खानदान की यह बेटी
भूत बंगला को सेंसर बोर्ड ने यूए सर्टिफिकेट मिला है, यानी इसे 16 साल से अधिक उम्र के दर्शक ही देख सकेंगे। फिल्म दो घंटा 44 मिनट अवधि की है।
अक्षय की 2026 में पहली फिल्म
साल में तीन से चार फिल्में करने वाले अक्षय कुमार की 2026 में पहली रिलीज है। इस साल अभी तक धुरंधर द रिवेंज को छोड़कर किसी हिंदी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ढंग का बिजनेस नहीं किया है। इसलिए भूत बंगला से काफी अपेक्षाएं हैं।
इसकी वजह अक्षय और प्रियदर्शन का रीयूनियन भी है, जो कई साल बाद हुआ है। इन दोनों ने हिंदी सिनेमा को कई बेहद शानदार और सफल फिल्में दी हैं। ऐसे में भूत बंगला से उम्मीद की जा रही है कि यह दर्शकों को अपनी ओर खींचेगी।
धुरंधर 2 से कितना खतरा?
धुरंधर 2, 19 मार्च को रिलीज हुई थी और अब तक सिर्फ हिंदी भाषा में 1000 करोड़ से ज्यादा जुटा चुकी है। फिल्म रिलीज के चौथे हफ्ते में चल रही है और शुरुआती तेज रफ्तार के कारण बॉक्स ऑफिस पर इसका असर काफी कम हो चुका है।
धुरंधर 2 के वीकडेज में कलेक्शंस सिंगल डिजिट पर आ चुके हैं। ऐसे में भूत बंगला के सामने अब यह खतरा नहीं है। अगर, अक्षय की फिल्म में थोड़ा भी दम हुआ तो आसानी से बॉक्स ऑफिस पर गति पकड़ सकती है। भूत बंगला पहले 10 अप्रैल को आने वाली थी, मगर धुरंधर 2 का जोर देखते हुए इसे एक हफ्ता आगे खिसका दिया गया था।

