मुंबई। Kangana Ranaut’s Next Film: बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत की अगली फिल्म को लेकर काफी वक्त से कयास लगाये जा रहे थे। ऐसा लग रहा था कि राजनीतिक जिम्मेदारियों में मशगूल कंगना अपने पहले प्यार को भूल गई हैं। सोशल मीडिया में फैंस अक्सर यह सवाल पूछते हैं कि कंगना पर्दे पर कब लौटेंगी। जवाब आ गया है और कंगना की अगली फिल्म का एलान हो गया है।
भारत भाग्य विधाता से लौटेंगी कंगना
इसका शीर्षक है- भारत भाग्य विधाता। फिल्म में कंगना लीड रोल में नजर आएंगी। इसका कहानी मनोज तपाड़िया ने लिखी है और उन्होंने ही इसका निर्देशन किया है। फिल्म का निर्माण कंगना की कम्पनी मणिकर्णिका फिल्म्स के साथ पेन स्टूडियोज और परमहंस क्रिएशंस ने किया है। भारत भाग्य विधाता 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
कामा हॉस्पिटल में सेट है कहानी
फिल्म की कहानी मुंबई हमलों के दौरान कामा हॉस्पिटल के अंदर दिखाई गई है, जो आतंकियों के निशाने पर आया था। इस विकट परिस्थिति में कैसे अस्पताल के स्टाफ नर्सेज, वार्ड ब्वॉयज, क्लीनर्स, लिफ्ट ऑपरेटर्स, सुरक्षा कर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों ने 400 लोगों को जिंदा रखा, यह कहानी फिल्म में दिखाई जाएगी।
फिल्म को लेकर कंगना ने कहा- हम अक्सर शोरगुल वाले हीरोइज्म का जश्न मनाते हैं, लेकिन असली साहस खामोश रहता है। भारत भाग्य विधाता उसी साहस, बलिदान, इंसानियत और एकता की अनकही कहानी है, जब सामान्य लोग आतंक और जिंदगी के बीच की दीवार बन गये थे।

फिल्म में कंगना के अलावा गिरिजा ओक, स्मिता ताम्बे, अमृता नामदेव, एशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलर, सुहिता थाट्टे, रसिका आगासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान अहम किरदारों में दिखेंगे।
निर्देशक मनोज ने कहा- मैं आतंक के बारे में फिल्म नहीं बनाना चाहता था, बल्कि मैं ऐसी फिल्म बनाना चाहता था, जो साहस, करुणा और बलिदान के बारे में हो। भारत भाग्य विधाता उन गुमनाम नायकों की कहानी है, जिन्होंने डर के ऊपर फर्ज को चुना।
इमरजेंसी के बाद कंगना की अगली फिल्म
कंगना की पिछली फिल्म इमरजेंसी है, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन से प्रेरित फिल्म थी। इसमें कंगना ने इंदिरा गांधी का रोल निभाया था। फिल्म ने मुख्य रूप से देश में आपातकाल लागू करने के दौर और कारणों को दिखाया था। फिल्म पिछले साल 2025 में रिलीज हुई थी।

