Bigg Boss 20: क्या सोशल मीडिया फॉलोअर्स जिताएंगे 20वें सीजन की ट्रॉफी? अरिशफा के सामने कहीं नहीं कनिका और काजी

Instagram followers of BB 20 contestants. Photo- AI made

मुंबई। Bigg Boss 20: बिग बॉस के 20वें सीजन का पर्दा गिरने में अब ज्यादा वक्त नहीं है। लगभग चार हफ्ते ही बाकी हैं। इस समय घर में 10 सदस्य बचे हैं, जिनके बीच ट्रॉफी की रेस तेज हो गई है। खेल की बिसात पर सब अपनी-अपनी चालें चल रहे हैं। इनमें किसकी चाल कामयाब होगी और किसकी चाल खेल से चलता करवाएगी, यह तो बाद में पता चलेगा, मगर सोशल मीडिया में इनके समर्थकों ने मोर्चा सम्भाल लिया है।

अपने-अपने पसंदीदा कंटेस्टेंट को सपोर्ट करने के लिए फॉलोअर्स और फैंस ग्रुप सक्रिय हो गये हैं और लगातार सोशल मीडिया में अपने कंटेस्टेंट के लिए बैटिंग कर रहे हैं। बिग बॉस में विजेता का अंतिम फैसला जनता की वोटिंग से होता है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या सोशल मीडिया के फॉलोअर्स वोट बैंक में बदलते हैं? इस सवाल के जवाब में ही बिग बॉस सीजन 20 का विजेता छिपा है।

इसी सवाल की रोशनी में जानते हैं कि घर में मौजूद सदस्यों में इंस्टाग्राम पर किसका राज चलता है, यानी किसके कितने फॉलोअर्स हैं।

अरिशफा

अगर, इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या बिग बॉस का विजेता तय करती तो इस सीजन की विनर सैयद अरिशफा खान होतीं, जो इंस्टाग्राम पर 30.9 मिलियन फॉलोअर्स के साथ लीड कर रही हैं। अरिशफा इंफ्लुएंसर होने के साथ-साथ अभिनेत्री भी हैं। अरिशफा ने आते ही तेवर दिखाने शुरू कर दिये थे। लड़ते-झगड़ते अरिशफा घर की सबसे मजबूत कंटेस्टेंट्स में से एक बन गईं। दो बार कैप्टन भी बनीं। इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या के मामले में अरिशफा के आस-पास दूसरा कोई कंटेस्टेंट नहीं है।

कनिका मान

दूसरे स्थान पर कनिका मान हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर 7.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वेब सीरीज और टीवी की दुनिया से आईं कनिका ने एक सेंसिबल कंटेस्टेंट के तौर पर अपनी छवि बनाई। हालांकि, घर में उन्हें पसंद करने वाली की संख्या ज्यादा नहीं है। मगर, तनिका टकराव के समय अपने तर्कों से टिकी रहती हैं, जिसे उनके फैंस पसंद करते हैं। कनिका शो में गुल्लू के साथ नजदीकी के लिए जानी जाती हैं, जिसको लेकर कभी-कभी गॉसिप भी होता है। मगर, कनिका ने इस गॉसिप को ज्यादा हवा नहीं दी।

आम्रपाली

तीसरे स्थान पर भोजपुरी सुपरस्टार आम्रपाली दुबे हैं, जिन्हें भोजपुरी के एक और सुपरस्टार दिनेश लाल यादव यानी निरहुआ शो में छोड़ने आये थे। आम्रपाली के इंस्टाग्राम पर 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। आम्रपाली ने शुरुआत अच्छी की। उन्होंने अपनी छवि एक सेंसिबल और सही राय देने वाली कंटेस्टेंट की बनाई और स्काउट, यंग डीएस और लवप्रीत के साथ बॉन्डिंग चर्चा में रही। मगर, वक्त के साथ जैसे-जैसे स्काउट-लव का रिश्ता सवालों के घेरे में आया, आम्रपाली इसी में उलझ कर गईं। उनका पूरा गेम स्काउट की बेबीसिटिंग और लव को दोषी मानने के इर्द-गिर्द सिमटकर रह गया।

स्काउट

गेमिंग की दुनिया के बादशाह स्काउट ओपी के इंस्टाग्राम पर 6 मिलियन फॉलोअर्स के साथ चौथे स्थान पर हैं और इस समय बिग बॉस के गेम का केंद्र बिंदु हैं। लव के साथ उनकी भाई-बहन वाली बॉन्डिंग पर सवाल उठने के साथ सभी घरवालों के लिए वो चर्चा का मुख्य विषय बन गये। कंटेस्टेंट्स इनके रिश्ते के जरिए कंटेंट निकाल रहे हैं। स्काउट ने अब अपना गेम बदला है। वो आम्रपाली और यंग डीएसए के चंगुल से निकल कर अपना अलग गेम खेलने की कोशिश कर रहे हैं। लव के साथ उन्होंने भले ही दूरी बना ली हो, मगर रिश्ता अभी भी हल्की डोर से जुड़ा है।

यंग डीएसए

मुंबई की चॉल से निकले यंग डीएसए रैपर हैं और काफी हद तक एमसी स्टैन की झलक देते हैं। इसीलिए, शो में एक-दो बार उन्हें सस्ता एमसी स्टैन भी कहा गया। यंग के इंस्टाग्राम पर 3.9 मिलियन फॉलोअर्स के साथ पांचवें स्थान पर हैं। यंग, सलमान के पसंदीदा कंटेस्टेंट्स में से एक हैं। सलमान कई बार उनकी तारीफ कर चुके हैं और इसलिए उन पर यंग का पक्ष लेने के आरोप लगते रहते हैं। यंग ने स्काउट के साथ दोस्ती करके अपना गेम शुरू किया था, मगर अब दोनों में टकराव हो गया है।

काजी तौकीर

इस सीजन के सबसे विवादित कंटेस्टेंट काजी तौकीर हैं, जिनके करियर की सबसे बड़ी हाइलाइट 20 साल पहले सिंगिंग रिएलिटी शो फेम गुरुकुल जीतना, अफगान जलेबी गाने में फीचर होना और अरिजीत सिंह से दोस्ती है। काजी ने जब शो में एंट्री ली थी तो अरिजीत ने वीडियो जारी करके उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। काजी ने फर्जी बीमारी का बहाना करके शो में शुरुआत की। हालांकि, उनकी गायकी के कारण उन्हें खूब सपोर्ट मिला, मगर वक्त के काजी का गेम खराब होता गया। उनके घटिया जोक्स, बेवजह की लड़ाइयां, ओवर द टॉप रिएक्शंस और पीठ पीछे लोगों की बुराई करने की आदतों ने उन्हें सोशल मीडिया में ट्रोल्स के निशाने पर ला दिया। काजी को फेवर करने के लिए सलमान खान को भी ट्रोलिंग सहनी पड़ती है। बहरहाल, 2.7 मिलियन फॉलोअर्स के साथ काजी इस लिस्ट में छठे स्थान पर हैं।

माही विज

टीवी एक्ट्रेस माही विज की एंट्री बड़े जोरशोर से हुई थी। उन्हें बेहद स्ट्रॉन्ग कंटेस्टेंट माना गया, मगर अब हालत यह है कि माही के बेघर हो जाएं, कहा नहीं जा सकता। शो में उनके संबंध बस काजी के साथ हैं। इसके अलावा कोई भी उन्हें पसंद नहीं करता। शुरुआत में यंग डीएसए के साथ उनकी दोस्ती हुई, मगर बाद में टूट गई। इस वक्त माही कमजोर कंटेस्टेंट्स में से एक मानी जाती हैं। माही के इंस्टाग्राम पर 2.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं और वो सातवें स्थान पर हैं।

उदिति सिंह

एक्ट्रेस उदिति सिंह शो की सबसे कम लोकप्रिय कंटेस्टेंट्स में से एक हैं। हालांकि, इंस्टाग्राम पर उन्हें 2.2 मिलियन लोग फॉलो करते हैं और वो आठवें स्थान पर हैं। उदिति की छवि नो-नॉनसेंस गर्ल की है। वो नपा-जुला बोलती हैं और अन्य कंटेस्टेंट्स की बकवास का करारा जवाब देती हैं। शो में उनकी दोस्ती फिलहाल अरिशफा के साथ है, जिसका फायदा उन्हें वोटिंग में मिल सकता है। काजी के साथ उदिति के रिश्ते बनते-बिगड़ते रहे हैं। उदिति का ठंडी शुरुआत के बावजूद यहां तक पहुंच जाना सरप्राइजिंग है।

गुल्लू

हरियाणवी इन्फ्लुएंसर गुल्लू इस सीजन के सबसे लोकप्रिय किरदारों में से एक हैं। गुल्लू इससे पहले तीन रिएलिटी शो जीत चुके हैं और इस वजह से वो ज्यादातर कंटेस्टेंट्स के निशाने पर रहते हैं। गुल्लू की छवि हंसते-हंसाते रहने वाले शख्स की है। इसीलिए, उन पर स्टैंट ना लेने के आरोप लगते रहते हैं। शो में गुल्लू तब चर्चा में आये थे, जब वाइल्ट कार्ड एंट्री नकुल से उनका झगड़ा हुआ था, जिसके कारण नकुल को दो दिन बाद ही बेघर होना पड़ा। कनिका के साथ उनकी बॉन्डिंग शो को दिलचस्प बनाती है। गुल्लू के इंस्टाग्राम पर 2.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं और वो नौंवे स्थान पर हैं।

लवप्रीत

इस सीजन की सबसे कम इंस्टाग्राम फॉलोअर्स वाली कंटेस्टेंट पंजाब की लवप्रीत कौर हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर सिर्फ 1.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। स्काउट के साथ अपनी बॉन्डिंग के कारण चर्चा में आईं लव फिलहाल शो के केंद्र में हैं। लव की जर्नी में काफी उतार-चढ़ाव आये हैं। शुरुआत में एक चुलबुली कंटेस्टेंट रहने के बाद आजकल उनका संजीदा रूप दिखता है, जो गलत बात पर लड़ने के लिए तैयार है।

(इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 25 नवम्बर, 2026 को 12 बजे तक ली गई है)