मुंबई। Housefull 5 Box Office Day 2: अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल 5 ने आखिरकार वो रफ्तार पकड़ ली, जिसकी काफी समय दरकार थी। फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर जोरदार कलेक्शन किया, जिसके बाद दो दिनों में फिल्म ने 50 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया।
दो दिनों में 50 करोड़ के पार हाउसफुल 5
निर्माताओं की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने शनिवार को 32.38 करोड़ का कलेक्शन किया है, जो शुक्रवार के मुकाबले 33 फीसदी अधिक है। अब हाउसपुल 5 का दो दिनों का नेट कलेक्शन (Housefull 5 Box Office Day 2) 56.73 करोड़ हो गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की चेन्नई में ऑक्युपेंसी शानदार रही। चेन्नई में फिल्म के 42 शोज चल रहे हैं, जिनमें 52 फीसदी आक्युपेंसी रही। इसके बाद फिल्म की सबसे ज्यादा धूम मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़ और लखनऊ में रही है। हाउसफुल 5 दो क्लाइमैक्स के साथ रिलीज की गई है।
फिल्म को मोमेंटम देने के लिए फिल्म की स्टार कास्ट ने मुंबई के एक थिएयर में दर्शकों के बीच जाकर उनका शुक्रिया अदा किया।
पैनडेमिक के बाद अक्षय का बेस्ट कलेक्शन
- पैनडेमिक के बाद अक्षय कुमार का यह दो दिनों का बेस्ट कलेक्शन है। अक्षय की इस साल यह तीसरी रिलीज है। हाउसफुल 5, जनवरी में आई स्काय फोर्स और अप्रैल में आई केसरी चैप्टर 2 से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। रविवार को भी यही रफ्तार कायम रही तो हाउसफुल 5 पोस्ट पैनेडमिक अक्षय का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड बन जाएगी।
- अगर सिर्फ 2025 में रिलीज हुई फिल्मों की बात करें तो हाउसफुल 5 ने दो दिनों में ही कई फिल्मों के ओपनिंग वीकेंड को पीछे छोड़ दिया है। इनमें सनी देओल की जाट (40.62 करोड़), अक्षय की अपनी फिल्म केसरी चैप्टर 2 (29.62 करोड़) शामिल हैं।
- वहीं, अक्षय की अपनी फिल्मों के लाइफ टाइम कलेक्शंस को भी पीछे छोड़ा है। इनमें खेल खेल में, सरफिरा, मिशन रानीगंज, सेल्फी, रक्षा बंधन, बच्चन पांडेय, बेल बॉटम शामिल हैं। ये सभी फिल्में 2020 के बाद रिलीज हुई हैं।
24 करोड़ की ओपनिंग
6 जून को देश में पांच हजार से अधिक स्क्रींस पर रिलीज हुई हाउसफुल 5 ने 24.35 करोड़ की ओपनिंग ली, जो छावा और सिकंदर के बाद इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है। यहां गौरतलब यह है कि सलमान खान की सिकंदर रविवार को रिलीज हुई थी।
तरुण मनसुखानी निर्देशित हाउसफुल 5 का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है। उन्होंने ही स्क्रिप्ट लिखी है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, फरदीन खान, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, संजय दत्त, डीनो मोरिया, चंकी पांडेय, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, रंजीत, निकितिन धीर, आकाशदीप साबिर, नरगिस फाखरी, जैकलीन फर्नांडिज, सौंदर्या शर्मा, चित्रांगदा सिंह और सोनम बाजवा ने प्रमुख किरदार निभाये हैं। अर्चना पूरन सिंह और बॉबी देओल ने फिल्म में कैमियो किये हैं।