मुंबई। Welcome To The Jungle Title Track: जंगली म्यूज़िक (टाइम्स म्यूजिक की डिवीजन) ने बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का टाइटल ट्रैक रिलीज कर दिया है और यह गाना बिल्कुल वैसा ही है, जैसा फैंस लंबे समय से उम्मीद कर रहे थे। इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘वेलकम टू द जंगल’ ने अपने इस धमाकेदार ट्रैक के साथ शानदार अंदाज में एंट्री कर ली है।
गाने में नजर आई पूरी स्टार कास्ट
फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता और कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं। अक्षय का फिल्म में डबल रोल है और इस गाने में दोनों किरदार थिरकते हुए नजर आते हैं।
इतनी बड़ी स्टारकास्ट के साथ यह फिल्म बॉलीवुड की सबसे भव्य एंटरटेनर फिल्मों में से एक मानी जा रही है और इसका म्यूजिक भी उसी स्तर का बनाया गया है।
टाइटल ट्रैक को पहले साजिद-वाजिद ने कंपोज किया था, जिसे अब विक्रम मोंट्रोस ने नए अंदाज में रीक्रिएट किया है। यह गाना पूरी तरह से हाई-एनर्जी, मस्ती और बड़े पर्दे वाले मनोरंजन से भरपूर है। शान, प्रिया पाटीदार और खुद विक्रम मोंट्रोस की दमदार आवाज ने इसे और खास बना दिया है। गाने में शब्बीर अहमद के ओरिजिनल लिरिक्स के साथ मेघा बाली के नए बोल जोड़े गए हैं, जो इसे एक ऐसा एंथम बनाते हैं, जिसे सुनते ही माहौल बन जाए।
यह भी पढ़ें: Welcome To The Jungle Teaser: फिल्म नहीं करना चाहते थे अक्षय कुमार, मगर पैसे बीच में आ गये… देखिए मजेदार टीजर
फिल्म का पूरा साउंड ट्रैक छह बड़े और भव्य गानों से सजा है, जिनमें ग्रूव एंथम, ग्लैमरस डांस नंबर और सिनेमैटिक सेट पीसेज़ शामिल हैं।
क्या बोले डायरेक्टर और म्यूजिक डायरेक्टर?
फिल्म के निर्देशक अहमद खान ने कहा, “हम चाहते थे कि ‘वेलकम टू द जंगल’ का हर गाना सिनेमैटिक लगे, एंटरटेन करे और बड़े स्तर पर महसूस हो। इस फिल्म की दुनिया और उसकी एनर्जी को बनाने में म्यूजिक की बहुत बड़ी भूमिका है।”
म्यूजिक डायरेक्टर विक्रम मोंट्रोस ने कहा, “यह साउंडट्रैक उन सभी चीजों का जश्न है, जो दर्शकों को बड़े बॉलीवुड एंटरटेनर्स में पसंद आती हैं। हमारी कोशिश थी कि गाने एनर्जेटिक, स्टाइलिश, थिएट्रिकल और तुरंत याद रह जाने वाले हों।”
जंगली म्यूजिक/टाइम्स म्यूजि के सीईओ मंदार ठाकुर ने कहा, “‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी हमेशा से बड़े और यादगार मनोरंजन के लिए जानी जाती रही है। ‘वेलकम टू द जंगल’ के साथ जंगली म्यूजिक ऐसा साउंडट्रैक लेकर आया है, जो इस विरासत को और आगे बढ़ाएगा। ये गाने लोगों पर अलग ही असर छोड़ने वाले हैं।”
26 जून को आएगी फिल्म
अहमद खान के निर्देशन और फिरोज नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ इस साल की सबसे बड़ी कॉमेडी एंटरटेनर फिल्मों में से एक मानी जा रही है। फिल्म का टाइटल ट्रैक अब सभी बड़े ऑडियो प्लेटफॉर्म्स पर जंगली म्यूजिक के जरिए स्ट्रीम हो रहा है, जबकि इसका पूरा वीडियो टाइम्स म्यूज़िक के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है। फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगा।

