Bhooth Bangla Box Office Day 6: बुधवार को गिरी ‘भूत बंगला’ की कमाई, पहले हफ्ते में 100 करोड़ का पड़ाव हुआ दूर

Bhooth Bangla box office collection 6 days. Photo- X

मुंबई। Bhooth Bangla Box Office Day 6: 2019 अक्षय कुमार के करियर का सबसे अच्छा साल रहा है। उनकी 4 फिल्में आईं, दो सुपरहिट और दो हिट रहीं। इनमें से दो फिल्मों ने डबल सेंचुरी भी लगाई। 2020 में पैनडेमिक आया और फिर अक्षय के करियर को भी ऐसा ग्रहण लगा कि कोई टोटका काम नहीं आ रहा।

सिनेमाघरों में उनकी फिल्में आ तो रही हैं, मगर बॉक्स ऑफिस पर वैसा जलवा गायब है, जो उनके कद के सुपर सितारे का होना चाहिए। 2020 के ब्रेक के बाद 2021-2025 तक अक्षय की 16 फिल्में आईं। मगर, सूर्यवंशी और ओएमजी 2 को छोड़कर फिल्में या तो फ्लॉप रहीं या औसत।

गिरते-पड़ते फिल्में 100 या 200 करोड़ के पड़ाव पर पहुंची भीं तो कलेक्शंस पर शक किया गया। अब भूत बंगला भी इसी रास्ते की ओर जाते हुए दिख रही है। रिलीज के पहले हफ्ते में फिल्म का 100 करोड़ के पड़ाव तक पहुंचना भारी लग रहा है।

6 दिनों में 89 करोड़

बुधवार के कलेक्शन के बाद यह तय हो गया है कि भूत बंगला ओपनिंग वीक में 100 करोड़ नहीं जुटा पाएगी। अक्षय-प्रियदर्शन की हिट जोड़ी के बावजूद भूत बंगला की यह गति इंडस्ट्री के लिए चिंता का विषय है।

फिल्म ने बुधवार को 6.80 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 6 दिनों का नेट कलेक्शन 89.45 करोड़ हो गया है, यानी फिल्म को 100 करोड़ तक पहुंचने के लिए अब 10.55 करोड़ चाहिए, जो आज यानी गुरुवार को मिलना असम्भव है।

यह भी पढ़ें: Pati Patni Aur Woh Do Teaser: पति पत्नी और वो से आगे निकली कहानी, अब तीन महिलाओं में फंसे आयुष्मान खुराना

17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई भूत बंगला ने गुरुवार के पेड प्रीव्यूज मिलाकर17.90 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इसके बाद ओपनिंग वीक में 65.25 करोड़ नेट कलेक्शन किया। वर्किंग वीक के पहले दो दिनों में फिल्म ने अच्छा होल्ड किया, मगर बुधवार को कलेक्शन एकदम गिर गये।

फिल्म की यह हालत देखते हुए दूसरे वीकेंड में बहुत उम्मीद नहीं की जा सकती। हालांकि कलेक्शंस बढ़ेंगे, मगर ऐसा नहीं कि चमत्कार हो जाए। दूसरे हफ्ते में भूत बंगला को गिनी वेड्स सनी 2 से मुकाबिल होना पड़ेगा। हालांकि, उससे कोई खतरा नहीं है।

WEEK 1 (17-23 अप्रैल)

Day 1 (शुक्रवार): ₹17.90 करोड़ (गुरुवार के पेड प्रीव्यूज मिलाकर)

Day 2 (शनिवार): ₹21.75 करोड़

Day 3 (रविवार): ₹25.60 करोड़

ओपनिंग वीकेंड का नेट कलेक्शन: ₹65.25 करोड़

Day 4 (सोमवार): ₹8.10 करोड़

Day 5 (मंगलवार): ₹9.30 करोड़

Day 6 (बुधवार): ₹6.80 करोड़

6 दिनों का नेट कलेक्शन: ₹89.55 करोड़