मुंबई। Dhurandhar VS Avatar 3: हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर ने कोहराम मचाया हुआ है। आंध-तूफान की तरह चल रही फिल्म रिलीज के नौ दिनों में 306 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म की मौजूदा गति को देखते हुए एक बड़े कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है।
बीते शुक्रवार रिलीज के दूसरे हफ्ते में दाखिल हुई धुरंधर दूसरे वीकेंड में ओपनिंग वीकेंड के आंकड़ों को पीछे छोड़ रही है। दूसरे हफ्ते में धुरंधर के सामने कोई चुनौती नहीं है और फिल्म के पास कलेक्शन बढ़ाने के लिए मैदान बिल्कुल साफ है, मगर तीसरे हफ्ते में ऐसा नहीं होगा।
अगले शुक्रवार से अवतार 3 की चुनौती
दिसम्बर के तीसरे शुक्रवार 19 दिसम्बर को हॉलीवुड फिल्म अवतार फायर एंड ऐश आ रही है, जो दुनिया की सबसे सफल फ्रेंचाइजी अवतार का तीसरा भाग है। भारत में भी इस फ्रेंचाइजी की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। ऐसे में अवतार धुरंधर के लिए खतरा साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें: Avatar Fire And Ash: वाराणसी में रिवील हुआ ‘अवतार 3’ का हिंदी लोगो, भारतीय संस्कृति से जुड़ा पैंडोरा का कनेक्शन
क्यों बड़ी है अवतार 3 की चुनौती?
अवतार 3, धुरंधर के लिए कितनी बड़ी चुनौती बन सकती है, इसके लिए जानते हैं कि भारत में इस फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों ने क्या हंगामा मचाया था।
- अवतार, 18 दिसम्बर 2009 को दुनिया के अन्य देशों के साथ पहली बार भारत में रिलीज हुई थी। इसे बाद में री-रिलीज भी किया गया था। बॉक्स ऑफिस मोजो डॉट कॉम के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 3 करोड़ 21 लाख 41 हजार 722 डॉलर की कमाई की थी, अगर इसे रुपयों में बदला जाए तो यह रकम तकरीबन 155 करोड़ बनती है।
- 16 दिसम्बर 2022 को रिलीज हुई फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म अवतार द वे ऑफ वॉटर ने कमाई के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत में 378.22 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। किसी हॉलीवुड फिल्म की भारत में यह सबसे ज्यादा कमाई है।
यही वजह है कि अवतार 3 को एक विकट चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इसकी रिलीज तक धुरंधर दो हफ्ते पूरे कर चुकी होगी, मगर इसकी रफ्तार देखते हुए तीसरा हफ्ता भी फिल्म के लिए अहम होगा। ऐसे में अवतार 3 को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

बुक माइ शो पर जबरदस्त इंटरेस्ट
अवतार 3 को लेकर देश में दिलचस्पी का अंदाजा बुक माइ शो पर इंटरेस्ट के आंकड़ो से लगाया जा सकता है। 14 दिसम्बर तक, 1.3 मिलियन यानी 13 लाख लोग फिल्म में दिलचस्पी जाहिर कर चुके हैं। इसकी एडवांस बुकिंग 1 दिसम्बर से शुरू हो चुकी है।
महानगरों और मल्टीप्लेक्सेज में कड़ी टक्कर
भारत में फिल्म अंग्रेजी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में 2डी के अलावा 3डी, आइमैक्स 3डी, आइसीई 3डी, 4 डीएक्स 3डी, एमएक्स 4डी 3डी, डॉल्बी सिनेमा 3डी और 3डी स्क्रीन एक्स फॉर्मेट्स में रिलीज होगी।
धुरंधर को अवतार 3 से असली चुनौती हिंदी भाषा में मिलेगी। हालांकि, राहत की बात यह है कि हॉलीवुड फिल्में भारत में भी अंग्रेजी में ही सबसे ज्यादा कमाई करती हैं। हिंदी भाषा का वर्जन कमाई के मामले में दूसरे स्थान पर रहता है। अवतार 3 की रिलीज का बड़ा असर मल्टीप्लेक्स और महानगरों में देखने को मिलेगा, जहां धुरंधर को इससे कड़ी टक्कर मिलेगी।
