मुंबई। Dhamaal 4 Box Office Day 7: अजय देवगन स्टारर धमाल सीरीज की चौथी फिल्म धमाल 4 ने पहले हफ्ते में ठीकठाक रफ्तार दिखाई और 100 करोड़ के पड़ाव के बेहद करीब पहुंच गई है। मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बीच रिलीज हुई फिल्म की रफ्तार अक्षय कुमार की कॉमेडी ड्रामा फिल्म वेलकम टू द जंगल से बेहतर रही है।
ओपनिंग वीक में 96 करोड़ नेट कलेक्शन
धमाल 4, 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 16 जुलाई को फिल्म ने 5.94 करोड़ के साथ पहला हफ्ता पूरा किया, जिसके बाद इसका 7 दिनों का नेट कलेक्शन 96.34 करोड़ हो गया।
उम्मीद है कि धमाल 4 आज यानी रिलीज के आठवें दिन 100 करोड़ के पड़ाव को पार कर लेगी, जिसके लिए इसे 3.66 करोड़ चाहिए।
धमाल 4 ने 13.72 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने 64.35 करोड़ जमा कर लिये। इसके बाद वर्किंग वीक में फिल्म की रफ्तार काफी कम हो गई और फिल्म प्रतिदिन सिंगल डिजिट में ही कमाई कर सकी। सात दिनों में फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार कुछ यूं रही-
यह भी पढ़ें: Haiwaan Release Date: लॉक हुई ‘हैवान’ के आने की तारीख! अक्षय कुमार और सैफ अली खान की इस दिन होगी बड़े पर्दे पर वापसी
- शुक्रवार- 13.72 करोड़
- शनिवार- 22.48 करोड़
- रविवार- 28.15 करोड़
- सोमवार- 8.18 करोड़
- मंगलवार- 9.33 करोड़
- बुधवार- 6.65 करोड़
- गुरुवार- 5.94 करोड़
धमाल 4 VS वेलकम टू द जंगल
धमाल 4 और वेलकम टू दे जंगल, दोनों लोकप्रिय फिल्म फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी हैं। दोनों ही फिल्में कॉमेडी और ड्रामा के लिए जानी जाती हैं औऱ इनके प्रीक्वल सफल रहे हैं। हालांकि, धमाल 4 की गति वेलकम टू द जंगल से अच्छी रही है। अक्षय कुमार की फिल्म ने 91.38 करोड़ का नेट कलेक्शन ओपनिंग वीक में किया था।
तीसरा हाइएस्ट ओपनिंग वीक कलेक्शन
अगर, इस साल अभी तक रिलीज हुई फिल्मों की लिस्ट देखें तो धमाल 4 टॉप 5 हाइएस्ट ओपनिंग वीक कलेक्शंस की लिस्ट में तीसरे स्थान पर आ गई है। पहले दोनों स्थान धुरंधर 2 और बॉर्डर 2 के नाम हैं। धमाल 4 के इस लिस्ट में आने के बाद शाहिद कपूर की कॉकटेल 2 लिस्ट से आउट हो गई है, जिसने 67.81 करोड़ नेट ओपनिंग वीक में जमा किये थे।
- धुरंधर 2: ₹640 करोड़
- बॉर्डर 2: ₹244.97 करोड़
- धमाल 4: 96.34 करोड़
- वेलकम टू द जंगल: ₹91.38 करोड़
- भूत बंगला: ₹79.75 करोड़
दूसरे हफ्ते में द ओडिसी से टक्कर
दूसरे हफ्ते में धमाल 4 को बॉलीवुड से तो कोई खतरा नहीं, मगर हॉलीवुड फिल्म द ओडिसी से कड़ी चुनौती मिलेगी। क्रिस्टोफर नोलन निर्देशित इस एपिक एक्शन एडवेंचर फिल्म को लेकर दुनियाभर में भारी क्रेज है और भारत में भी इसे बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया है।
शुक्रवार को द ओडिसी की रफ्तार देखकर यह पक्का हो गया है कि फिल्म डबल डिजिट ओपनिंग लेगी, जो कई बॉलीवुड फिल्मों से बेहतर होगी। फिल्म को लेकर भारतीय दर्शकों के क्रेज को देखकर लगता है कि धमाल 4 पर इसका व्यापक असर होगा। वेलकम टू द जंगल और ऐल्फा पहले ही ठंडी पड़ चुकी हैं और दोनों फिल्मों से धमाल 4 को कोई दिक्कत नहीं होगी।

