Sequel Movies: ‘बॉर्डर 2’ के बाद आने वाली हैं 9 फ्रेंचाइजी और सीक्वल फिल्में, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ की रिलीज डेट कन्फर्म

Sequel and franchise movies in 2026 after Border 2. Photo- X

मुंबई। Sequel and Franchise Movies in 2026: बॉलीवुड में सीक्वल और फ्रेंचाइजी फिल्मों का इस वक्त काफी शोर है। बॉक्स ऑफिस पर पुरानी फिल्मों की सफलता को देखते हुए उनके सीक्वल्स रिलीज किये जा रहे हैं। 2026 में भी कई ऐसी फिल्मों के सीक्वल्स देखने को मिलेंगे, जिनकी पहली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं।

इनमें अजय देवगन से लेकर अक्षय कुमार और इमरान हाशमी तक की फिल्में शामिल हैं। 23 जनवरी को रिलीज हुई बॉर्डर 2 की सफलता ने मेकर्स का भरोसा सीक्वल और फ्रेंचाइजी फिल्मों में और मजबूत कर दिया है, जो 1997 में आई बॉर्डर फ्रेंचाइजी की फिल्म है।

बॉर्डर 2 की कामयाबी के बीच आइए जानते हैं कि इस साल किन हिट फिल्मों की अगली किस्त देखने को मिलेगी। अब से अक्टूबर तक लगभग हर महीने एक सीक्वल फिल्म रिलीज होगी।

मर्दानी 3

रानी मुखर्जी स्टारर इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म मर्दानी 3, 30 जनवरी को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। यह कॉप ड्रामा है, जिसमें रानी आइपीएस ऑफिसर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में नजर आती हैं। यह फ्रेंचाइजी महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को दिखाती है। रानी इस बार नये केस के साथ लौट रही हैं।

यह भी पढ़ें: Most Awaited Bollywood Films in 2026: इन 12 फिल्मों पर रहेगी नजर, बॉक्स ऑफिस पर लिख सकती हैं नया इतिहास!

वध 2

6 फरवरी को संजय मिश्रा और नीना गुप्ता अभिनीत वध 2 रिलीज होगी। यह फ्रेंचाइजी एक ऐसे वयोवृद्ध कपल की कहानी दिखाती है, जो एक युवा लड़की को बचाने के लिए मर्डर कर देता है। यह फिल्म स्लीपर हिट रही थी। फिल्म के लिए संजय मिश्रा ने बेस्ट एक्टर क्रिटिक्स का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता था।

पति पत्नी और वो दो

2019 में आई फिल्म पति पत्नी और वो बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। कार्तिक आर्यन, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडेय ने लीड रोल निभाये थे। फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म पति पत्नी और वो दो 4 मार्च को रिलीज होने वाली है। फिल्म में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकु प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं।

धुरंधर 2

आदित्य धर निर्देशित धुरंधर 5 दिसम्बर को रिलीज हुई थी और 890 करोड़ के आसपास कलेक्शन करके हिंदी सिनेमा के इतिहास की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन चुकी है। अब इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार है, जो 19 मार्च को आएगा। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं।

आवारापन 2

मोहित सूरी निर्देशित आवारापन इमरान हाशमी की कल्ट फिल्म मानी जाती है, जो 2007 में आई थी। पिछले साल इसके सीक्वल का एलान किया गया था, जो 3 अप्रैल को रिलीज होने वाला है।

वेलकम टू द जंगल

वेलकम अक्षय कुमार के करियर की हिट फ्रेंचाइजी है, जिसकी तीसरी फिल्म वेलतम टू द जंगल 26 जून को रिलीज होगी। अहमद खान निर्देशित फिल्म में अक्षय के साथ सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिज, अरशद वारसी, परेश रावल, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, आफताब शिवदसानी, लारा दत्ता, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, दलेर मेहंदी, फरीदा जलाल, कृष्णआ अभिषेक, कीकू शारदा, किरन कुमार, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, विंदु दारा सिंह, नवाब शाह, उर्वशी रौतेला, पुनीत इस्सर, अर्जुन फिरोज, पंकज धीर, सुदेश बेरी, हेमंत पांडेय, जाकिर हुसैन और सयाजी शिंदे अहम भूमिकाओं में हैं।

धमाल 4

धमाल अजय देवगन के करियर की चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी है। इसकी चौथी किस्त 3 जुलाई को सिनेमाघरों में आ रही है। फिल्म में अजय के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, संजय मिश्रा, जावेद जाफरी, एशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन प्रमुख किरदारों में हैं। फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है।

भेड़िया 2

मैडॉक फिल्म्स के हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की फिल्म भेड़िया की अगली कड़ी भेड़िया 2, 14 अगस्त को रिलीज हो सकती है। फिल्म में वरुण धवन टाइटल रोल निभाते हैं, जबकि अभिषेक बनर्जी सहयोगी भूमिका में हैं।

दृश्यम 3

दृश्यम 3, सम्भवत: इस साल की मोस्ट अवेटेड फ्रेंचाइजी फिल्मों में से एक है। इस फ्रेंचाइजी की फिल्मों के सस्पेंस और थ्रिल ने इसे सबसे पसंदीदा फिल्मों में शामिल कर दिया है। दृश्यम फ्रेंचाइजी में अजय देवगन लीड रोल में हैं। इस फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म दृश्यम 3 इस साल 2 अक्टूबर को आ रही है।