मुंबई। Maskara Song Out: इंतजार की घड़ी अब और भी खूबसूरत हो गई है, क्योंकि निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा का नया गाना ‘मस्कारा’ रिलीज हो चुका है। यह गाना युवाओं के बीच पनपते प्यार की मासूमियत, शरारत और अनकही भावनाओं को बेहद खूबसूरती से बयां करता है।
जिया और कीनू की मोहब्बत
इस गीत में शरवरी वाघ और वेदांग रैना की केमिस्ट्री दर्शकों का ध्यान खींचती है। जहां शरवरी का किरदार ‘जिया’ प्यार को खुलकर जीता है मस्ती, चुलबुलापन और आत्मविश्वास के साथ। वहीं, वेदांग का ‘कीनू’ उस प्यार को चुपचाप, गहराई से महसूस करता है। दोनों के इमोशन्स का यह कॉन्ट्रास्ट ही गाने को खास बनाता है।
‘मस्कारा’ को अपनी आवाज दी है वेदांग रैना और निलंजना घोष ने, जबकि इसके बोल मशहूर गीतकार इरशाद कामिल ने लिखे हैं। एआर रहमान ने बोलों को अपने संगीत से सजाया है। गाना कर्णप्रिय है और सुनने में सुकून देता है। कुछ पुरानी यादों में खो जाने जैसा एहसास गाना सुनते हुए होता है। मैं वापस आऊंगा, विभिन्न पीढ़ियों को दिखाती है, लिहाजा संगीत में गुजरे जमाने की छाप साफ सुनाई पड़ती है।
यह भी पढ़ें: Kya Kamaal Hai Song Out: ‘मैं वापस आऊंगा’ का पहला गाना ‘क्या कमाल’ है रिलीज, रहमान-दिलजीत की सुकूनभरी जुगलबंदी
एक्टिंग के साथ गाने का मौका
वेदांग रैना ने इस गाने को लेकर कहा, ‘यह उनके दिल के बेहद करीब है, क्योंकि इसमें उन्हें अपने किरदार को सिर्फ एक्टिंग ही नहीं, बल्कि संगीत के जरिए भी जीने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि एआर रहमान के साथ रिकॉर्डिंग करना एक अलग ही अनुभव था, जहां हर नोट और हर भावना को गहराई से समझने का मौका मिला।
निलांजना घोष ने भी इस अनुभव को ‘सुरियल’ बताते हुए कहा, रहमान सर के साथ काम करना उनके लिए एक सीखने वाला पल था, जहां हर छोटी-बड़ी चीज पर ध्यान दिया गया।

कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म मैं वापस आऊंगा में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांग रैना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स द्वारा निर्मित यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जबकि इसका संगीत टिप्स के बैनर तले रिलीज किया जा रहा है।

