Movies From March To May: मार्च से मई तक हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर बढ़ेगी गर्मी, नई फिल्मों की रिलीज डेट का एलान

Bollywood and South Movies in Summers. Photo- X

मुंबई। Movies From March To May: फरवरी का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, मौसम में सर्दी की ठिठुरन कम हो रही है। हालांति, मौसम के मिजाज के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। तापमान कब डुबकी लगा दे, इसका सही-सही आंकलन मौसम विज्ञानियों के लिए भी आसान नहीं होता।

मौसम का मिजाज भले ही समझ में ना आये, मगर फिल्मों का कारोबार करने वालों ने बॉक्स ऑफिस के मौसम को जरूर पढ़ लिया है। इसीलिए, गर्मी के मौसम में बॉक्स ऑफिस का तापमान बढ़ाने का इंतजाम अभी से कर लिया है।

समर वेकेशंस को दुनियाभर के सिनेमा कारोबारी एक मौके के तौर पर देखते हैं। बॉलीवुड वाले भी अलग नहीं हैं। इसीलिए, हाल ही में मार्च से मई के बीच कई फिल्मों की रिलीज डेट्स का एलान किया गया है। इनमें अक्षय कुमार से लेकर आयुष्मान खुराना तक की फिल्में शामिल हैं।

मार्च में आएंगी ये फिल्में

धुरंधर 2

भारतीय सिनेमा की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म धुरंधर की अगली कड़ी धुरंधर- द रिवेंज की रिलीज डेट 19 मार्च पहले ही तय हो चुकी है। आदित्य धर निर्देशित फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं। धुरंधर की धुआंधार कमाई के कारण धुरंधर 2 साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक बन गई है। इस बार फिल्म साउथ की भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Most Awaited Bollywood Films in 2026: इन 12 फिल्मों पर रहेगी नजर, बॉक्स ऑफिस पर लिख सकती हैं नया इतिहास!

टॉक्सिक

कन्नड़ सिनेमा की यह फिल्म 19 मार्च को पैन इंडिया रिलीज होगी, जिसमें यश लीड रोल में हैं। हिंदी में इसकी टक्कर धुरंधर 2 से होगी। टॉक्सिक और धुरंधर 2 की टक्कर इस साल के सबसे बड़े बॉक्स ऑफिस के मुकाबलों में से एक है।

अप्रैल में आने वाली फिल्में

भूत बंगला

अक्षय कुमार और प्रिदर्शन की हॉरर कॉमेडी फिल्म पहले 2 अप्रैल को आने वाली थी, मगर हाल ही में इसकी रिलीज डेट एक हफ्ता आगे खिसकार 10 अप्रैल कर दी गई है। साल 2026 में अक्षय की यह पहली रिलीज होगी और लम्बे अर्से बाद वो प्रियदर्शन के साथ लौट रहे हैं।

बैटल ऑफ गलवान

निरंतर असफलताओं का सामना कर रहे सलमान खान 17 अप्रैल को बैटल ऑफ गलवान के साथ बड़े पर्दे पर लौटेंगे। अपूर्व लखिया निर्देशित फिल्म गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ भारतीय जवानों की लड़ाई दिखेगी। फिल्म में चित्रांगदा सिंह पहली बार सलमान के अपोजिट नजर आएंगी।

पेड्डी

राम चरन अभिनीत तेलुगु फिल्म इस साल की बहुप्रतीक्षित साउथ फिल्मों में शामिल है। यह स्पोर्ट्स थ्रिलर फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। यह फिल्म पहले 27 मार्च को पैन इंडिया रिलीज होने वाली थी। हाल ही में मेकर्स ने घोषणा की कि पेड्डी अब 30 अप्रैल को बड़े पर्दे पर आएगी। जाह्नवी कपूर फीमेल लीड रोल में हैं। निर्देशन बुल्ली बाबा साना ने किया है।

मई में आ रहीं ये फिल्में

राजा शिवाजी

राजा शिवाजी इसलिए इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है, क्योंकि इसका निर्देशन रितेश देशमुख ने किया है। राजा शिवाजी पैन इंडिया फिल्म है, जो मराठी के साथ हिंदी और साउथ भाषाओं में भी बड़े पैमाने पर एक मई को रिलीज होगी।

पति पत्नी और वो दो

आयुष्मान खुराना इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। 15 मई को रिलीज हो रही सीक्वल फिल्म में सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में हैं। मुदस्सर अजीज ने इसका निर्देशन किया है।