Bhooth Bangla Box Office Day 2: दूसरे दिन ‘भूत बंगला’ की कमाई में उछाल, ओपनिंग वीकेंड में हाफ सेंचुरी पक्की

Bhooth Bangla box office collection 2 days. Photo- X

मुंबई। Bhooth Bangla Box Office Day 2: अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला ने बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक शुरुआत की है, जो ना तो बहुत ज्यादा है, ना बहुत कम। फिल्म की ओपनिंग अक्षय की पिछली फिल्मों के आस-पास रही। दूसरे दिन कलेक्शंस में उछाल आया और अब ओपनिंग वीकेंड की कमाई 50 करोड़ के पार रहने की पूरी उम्मीद है।

दो दिनों में 32 करोड़ नेट कलेक्शन

17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई भूत बंगला ने लगभग 12.25 करोड़ का नेट कलेक्शन शुक्रवार को किया। इससे पहले 16 अप्रैल की रात रखे गये पेड प्रीव्यूज से करीब 3.75 करोड़ मिले, जिसे मिलाकर भूत बंगला का ओपनिंग नेट कलेक्शन लगभग 16 करोड़ रहा।

रिलीज के दूसरे दिन शनिवार को भूत बंगला का नेट कलेक्शन लगभग 16.67 करोड़ रहा, यानी पहले दिन के मुकाबले लगभग 36 फीसदी अधिक कमाई फिल्म ने की है। गुरुवार के पेड प्रीव्यूज, शुक्रवार और शनिवार के कलेक्शंस मिलाकर भूत बंगला को दो दिनों का नेट कलेक्शन 32.67 करोड़ हो गया है।

रविवार को भी फिल्म की यही रफ्तार कायम रही तो 50 करोड़ का पड़ाव ओपनिंग वीकेंड में पार हो जाएगा, यानी भूत बंगला का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन अक्षय की पिछली फिल्म जॉली एलएलबी 3 के आसपास ही रहेगा।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas This Friday: आज रात खुलेगा ‘भूत बंगला’ का दरवाजा, सुबह होते ही आ जाएगी ‘द ममी’

ओपनिंग में कमाल नहीं कर सकी फिल्म

अगर, अक्षय की पिछली कुछ फिल्मों की ओपनिंग देखें तो हाउसफुल 5 को छोड़कर उनकी मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्मों के कलेक्शंस इसी रेंज में रहे हैं। हाउसफुल 5 ने 24.35 करोड़ पहले दिन कमाये थे। 2021 में आई सूर्यवंशी के बाद अक्षय की यह यह दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग रही। सूर्यवंशी ने 26.29 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था।

बाकी फिल्मों की बात करें तो जॉली एलएलबी 3 को 12.50 करोड़, स्काइ फोर्स को 15.30 करोड़, बड़े मियां छोटे मियां को 16.07 करोड़ और राम सेतु को 15.25 करोड़ पहले दिन मिले थे।

भूत बंगला हॉरर कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म में वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव और दिवंगत असरानी अहम किरदारों में हैं। अक्षय और प्रिदर्शन के कई सालों बाद साथ आने के कारण इस फिल्म से ट्रेड को काफी उम्मीदें थीं, मगर शुरुआती रफ्तार देखकर लग रहा है कि भूत बंगला कोई एक्स्ट्रा-ऑर्डिनरी फिल्म नहीं है। यह अक्षय की औसत फिल्मों की कैटेगरी में ही शामिल हो पाएगी।