मुंबई। Kathanar Hindi Trailer: नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म होम के निर्देशक रोजिन थॉमस पांच साल बाद अब एक ऐसी कहानी लेकर आये हैं, जिसकी कहानी और किरदार फैंटेसी की दुनिया से आते हैं। मंगलवार को फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जो दिलचस्प और एक जादुई संसार में ले जाता है।
ट्रेलर में दिखाई कतनार की जादुई दुनिया
फिल्म में जयसूर्या और अनुष्का शेट्टी लीड रोल्स में हैं। ट्रेलर के दृश्य देखते हुए हॉलीवुड की बेहद लोकप्रिय फ्रेंचाइजी लॉर्ड ऑफ द रिंग्स का आभास होता है। फिल्म में जो काल्पनिक दुनिया बसाई गई है और जिस तरह किरदार गढ़े गये हैं, उससे ऐसा लगता है मलयालम सिनेमा इस बार एक नई ऊंचाई छूने वाला है।
गोकुलम गोपालन के बैनर श्री गोकुलम मूवीज के तले बनी कतनार में प्रभुदेवा, सनूप सैन, सैंडी, देविका, नितीश भारद्वाज, विनीत, हरीश उथामन, श्रीकांत मुरली और कुलप्रीत यादव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म मलयालम के साथ हिंदी, तेलुगु, तमिल और कन्नड़ समेत 8 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में रिलीज की जाएगी।
यह भी पढ़ें; Movies in Cinemas in April: पहले हफ्ते में जारी रहेगा ‘धुरंधर 2’ का कर्फ्यू, 10 अप्रैल से रिलीज होंगी हिंदी फिल्में!
पांच साल में बनकर तैयार हुई फिल्म
फिल्म का लेखन आर रामानंद और रोजिन थॉमस ने किया है। टीजर ट्रेलर फिल्म की दुनिया में ले जाता है और प्रमुख किरदारों से परिचय करवाता है। हालांकि, अभी पोस्ट प्रोडक्शन अंतिम चरण में हैं।
रोजिन ने फिल्म के बारे में कहा- फिल्म को इस स्तर तक पहुंचाने में 500 लोगों और 5 साल की मेहनत है, जिन्होंने विभिन्न विभागों में काम किया ह। गोकुलम गोपालन और एक्जीक्यूटिव प्रोड्यसर कृष्णमूर्ति ने इस विशाल प्रोजेक्ट के लिए जो नजरिया पेश किया, वो काबिले-तारीफ है। पांच साल तक प्रोडक्शन टीम का निरंतर सपोर्ट मायने रखता है। जयसूर्या ने अपने करियर के चार साल इस अकेले प्रोजेक्ट को दिये हैं।
कतनार की सिनेमैटोग्राफी नील डिचुन्हा की है, जबकि संगीत राहुल सुब्रमण्यम उन्नी ने दिया है, जो फैंटेसी की दुनिया में ले जाता है। एडिटिंग और वीएफक्स का निर्देशन खुद रोजिन ने किया है। प्रोडक्शन डिजाइन राजीवन का है। एक्शन खुद रोजिन ने डिजाइन किया है, जबकि जुंगजिन पार्क और करई किंगसन ने इसे अंजाम दिया है।

