मुंबई। The Devil Wears Prada 2 Final Trailer: 2006 में आई द डेविल वेयर्स प्राडा फैशन हॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्म मानी जाती है। अब 20 साल बाद इस आइकॉनिक फिल्म का सीक्वल आ रहा है, जिसमें फिल्म की ओरिजिनल स्टार कास्ट अपने-अपने किरदारों में नजर आएगी। रिलीज से पहले फिल्म का फाइनल ट्रेलर मंगलवार को रिलीज किया गया।
पुराने किरदारों की वापसी
नये ट्रेलर में फिल्म के ओरिजिनल गाने रनवे को शामिल किया गया है, जिसे लेडी गागा और डोएसी ने आवाज दी है। फिल्म में मेरिल स्ट्रीप, एन हैथवे, एमिली ब्लंट और स्टैनली टुची अपने पुराने किरदार निभा रहे हैं। मेरिल, मिरांडा प्रीस्टली का किरदार निभाती हैं, जो रनवे मैगजीन की एडिटर है। मिरांडा फैशनपरस्त और घमंडी है, जो चेहरे पर कोई भाव लाए बिना सामने वाली की बेइज्जती कर देती है।
एन हैथवे फिल्म में मिरांडा की पूर्व सेकंड असिस्टेंट बनी हैं, जो अब रनवे की फैशन एडिटर है और एमिली ब्लंट एमिली के रोल में हैं, जो एक लग्जरी ब्रैंड की हेड है, जो रनवे की फंडिंग में अहम भूमिका निभाता है।
ये सभी किरदार एक साथ जुड़ते हैं, मिरांडा एक बड़े स्कैंडल में फंस जाती है। हालांकि उसका अंदाज नहीं बदलता।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म का निर्देशन डेविड फ्रैंकेल ने किया है, जो पहली फिल्म के भी निर्देशक थे। फिल्म का लेखन एलीन ब्रोश मैककेना ने किया है। एलीन ने फर्स्ट पार्ट भी लिखा था। मुख्य स्टार कास्ट के साथ इस बार कुछ नये कलाकार जुड़े हैं, जिनें केनेथ ब्रैनघ, सिमोन एशले, जस्टिन थिरुक्स, लूसी लियू, पैट्रिक ब्रैमल, केलेब हियरोन, हेलेन जे शेन और बीजे नोवाक शामिल हैं। ट्रैसी थॉम्स और टिबोर फेल्डैन अपने लिली और इर्व किरदार निभाते नजर आएंगे।
द डेविल वेयर्स प्राडा 2, पहली मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

