मुंबई। Toy Story 5 in Cinemas: चार सफल चैप्टर्स के बाद, जब डिज्नी और पिक्सर की ब्लॉकबस्टर फ्रैंचाइजी ने टॉय स्टोरी 5 की घोषणा की तो हर प्रशंसक के मन में एक सरल सवाल था: कहानी अब कहां ले जाएगी? निर्देशक और लेखक एंड्रयू स्टैंटन को जवाब वुडी या बज में नहीं, बल्कि उस चरित्र में मिला, जिसकी ओर फ्रेंचाइजी पिछले पच्चीस सालों से चुपके-चुपके बढ़ रही थी।
जेसी के जरिए आगे बढ़ी कहानी
“यही एकमात्र वजह थी कि मैं इसे करना चाहता था,” स्टैंटन ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा, “मैं टॉय स्टोरी 5 को वैसे ही लिखना चाहता था, जैसा मैं चाहता था और देखना चाहता था कि मैं कहां एक्सप्लोर करना चाहता हूं और तुरंत मेरे मन में आया- मैं जेसी को एक्सप्लोर करना चाहता हूं। मैं उसे मुख्य ड्राइवर की सीट पर बिठाना चाहता हूं।”
यह रचनात्मक सोच सह-निर्देशक और सह-लेखक मैकेना हैरिस पूरी तरह से साझा करती हैं। “मुझे लगता है कि हममें से बहुतों को लगा था कि यह काफी लंबे समय से बाकी था,” वो कहती हैं, “जेसी बस एक शानदार चरित्र है और उसे स्पॉटलाइट मिलना चाहिए। यही वजह है कि उसे फोर में बैज मिला था।”
यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in June 2026: क्या ब्लॉकबस्टर रहेगा ‘फर्स्ट हाफ’ का क्लाइमैक्स? जून में रिलीज हो रहीं ये 12 फिल्में

प्रोड्यूसर लिंडसे कॉलिंस उस चीज की ओर इशारा करती हैं, जिसे फ्रेंचाइजी सालों से चुपचाप अपने पास रखे हुए थी। “उसके पास इनमें से किसी भी चरित्र से ज्यादा बैकस्टोरी है। हम उसके बारे में सबसे ज्यादा जानते हैं- बज और वुडी सहित।
उसके पास अपना अलग अतीत है, जिस तरह किसी और चरित्र के पास नहीं है, इसलिए लगा कि यह बस वहां पड़ी हुई थी।”
टॉय स्टोरी 2 में एनिमेटेड सिनेमा की सबसे भावुकता से भरपूर और दिल तोड़ने वाली सीक्वेंस के जरिए पेश की गई जेसी हमेशा से फ्रेंचाइजी की सबसे गहरी परतों वाली चरित्र रही है- एक खिलौना, जो त्याग दिए जाने का दर्द ठीक-ठीक जानती है। टॉय स्टोरी 5 के साथ डिज्नी और पिक्सर आखिरकार उस कहानी को केंद्र में ला रहे हैं।

क्या है टॉय स्टोरी 5 की कहानी?
टॉय स्टोरी 5 की कहानी एकदम मौजूदा दौर की है, जब बच्चे खिलौने और मैदान छोड़कर दिन-दिनभर आइपैड और टैब्स में बिजी रहते हैं। वुडी, बज लाइट ईयर, जेसी और बाकी पूरे गिरोह के काम पर उस वक्त संकट आ जाता है, जब उन्हें लिलीपैड नाम की एक बिल्कुल नई टैबलेट डिवाइस का सामना करना पड़ता है।
यह डिवाइस उनके बच्चे बॉनी के लिए सबसे अच्छा क्या है, इसके बारे में अपने बिंदास आइडिया लेकर आती है। फिल्म सवाल उठाती है- क्या प्लेटाइम कभी पहले जैसा रहेगा?
टॉय स्टोरी 5 का निर्देशन अकादमी अवॉर्ड विजेता एंड्रयू स्टैंटन ने किया है, सह-निर्देशन मैकेना हैरिस और निर्माण लिंडसे कॉलिंस ने किया है। अकादमी अवॉर्ड विजेता रैंडी न्यूमैन का मूल संगीत है, जो अपनी पांचवीं “टॉय स्टोरी” फिल्म के लिए वापस लौटे हैं।
भारत में फिल्म अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु में 19 जून को रिलीज होगी।

