Insidious 6 Trailer: इंसानों की दुनिया में आने के लिए बेताब शैतानी आत्माएं, हॉरर फिल्म इनसिडियस 6 का पहला ट्रेलर रिलीज

Insidious Out Of The Further trailer out. Photo- X

मुंबई। Insidious Out Of The Further Trailer: हॉलीवुड की हॉरर फ्रेंचाइजी इनसिडियस की छठी फिल्म इनसिडियस आउट ऑफ द फर्दर इस साल रिलीज होने वाली है, जिसका पहला ट्रेलर मंगलवार को जारी किया गया। भारत में यह फिल्म 21 अगस्त को अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।

जेम्मा पर टिकीं शैतान की निगाहें

लगभग ढाई मिनट का ट्रेलर काफी डरावना है और जम्प स्केयर मोमेंट्स से भरा हुआ है। फिल्म की कहानी जेम्मा की है, जिसे एमेलिया ईव ने निभाया है। जेम्मा सिंगल मदर है, जो अपनी बेटी के साथ उसी घर में रहती है, जिसमें खुद पली-बढ़ी है।

जेम्मा को अचानक अपनी एक शक्ति का पता चलता है, जिससे वो रूहों की दुनिया (द फर्दर) में जा सकती है। जब एक बुरी आत्मा उसके पीछे पड़ती है तो जेम्मा को एहसास होता है कि उसमें सब कुछ बदलने की ताकत है।

वो द फर्दर में ना सिर्फ दाखिल हो सकती है, बल्कि वहां रहने वाली आत्माओं को वास्तविक दुनिया में ला सकती है। जब शैतान को जेम्मा की ताकत का पता चलता है तो वो यहां आने के लिए ऐसा खेल खेलता है कि यह दुनिया रूहों के खेल का मैदान बन जाती है।

यह भी पढ़ें: The Devil Wears Prada 2 Final Trailer: 20 साल बाद हो रही ‘डेविल’ की वापसी, आइकॉनिक फिल्म के सीक्वल का फाइनल ट्रेलर जारी

2010 में शुरू हुई इनसिडियस फ्रेंचाइजी

इनसिडियस फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2010 में हुई थी। इस फ्रेंचाइजी को कैथोलिक क्रिश्चियंस के एक विश्वास के इर्द-गिर्द बुना गया है, जिसमें यह माना जाता है कि मरने के बाद स्वर्ग जाने से पहले आत्माओं को अपने पापों के शुद्धिकरण के लिए इंटरमीडिएट स्टेट में रहना पड़ता है, जिसे रेल्म कहा जाता है। फिल्म में इस रेल्म को द फर्दर कहा गया है।

यह एक सुपरनेचुरल अवधारणा है। यह हिंदू माइथोलॉजी में नर्क की अवधारणा की तरह है। रेल्म में रहने वाली बुरी आत्माएं इस दुनिया में आने की कोशिश करती हैं। इसके लिए वो किसी शरीर, जिसे वेसल कहा जाता है, पर कब्जा करती हैं।

फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म इनसिडियस चैप्टर 3 पहली दोनों फिल्मों का प्रीक्वल थी। चौथी फिल्म इनसिडियस द लास्ट की की घटनाएं पहली फिल्म के कुछ वक्त बाद के समयांतराल में घटित होती हैं। फ्रेंचाइजी की पांचवीं फिल्म इनसिडियस द रेड डोर, दूसरी फिल्म का सीधा सीक्वल थी।

द रेड डोर का सीक्वल है आउट ऑफ द फर्दर

अब आ रही इनसिडियस आउट ऑफ द फर्दर, इनसिडियस द रेड डोर (2023) का सीधा सीक्वल है, जिसमें जेम्मा की कहानी आगे बढ़ती है। यह हॉरर फ्रेंचाइजी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही है और 740 मिलियन डॉलर का ग्रॉस कलेक्शन वर्ल्डवाइड किया है।

आउट ऑफ द फर्दर का निर्देशन जैकब चैस ने किया है, जबकि सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट इसे भारत में रिलीज कर रहा है। स्क्रीन जेम्स, स्टेज 6 प्रोडक्शन और ब्लमहाउस प्रोडक्शंस इस फ्रेंचाइजी के निर्माता हैं।